कॉर्डोबा प्रांत के अडामुज इलाके के पास हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतरी, आमने-सामने की टक्कर से मचा हाहाकार
कॉर्डोबा प्रांत के अडामुज इलाके के पास हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतरी, आमने-सामने की टक्कर से मचा हाहाकार
ख़बर ख़ास,देश :
दक्षिणी स्पेन में एक दर्दनाक रेल दुर्घटना सामने आई है, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 100 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। यह हादसा कॉर्डोबा प्रांत के अडामुज इलाके के पास उस समय हुआ, जब एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और सामने से आ रही दूसरी ट्रेन के ट्रैक पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पहली ट्रेन का एक डिब्बा पूरी तरह पलट गया।
पुलिस अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सरकारी प्रसारक टेलीविजन एस्पान्योला के अनुसार इस हादसे में 100 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से करीब 25 की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मैड्रिड से हुएल्वा जा रही ट्रेन का ड्राइवर भी मृतकों में शामिल है।
हादसे के समय ट्रेनों में सवार यात्रियों ने बताया कि टक्कर का झटका किसी तेज भूकंप जैसा महसूस हुआ। अचानक लगे झटके से डिब्बों के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को बाहर निकलने के लिए इमरजेंसी हथौड़ों की मदद से खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। घटनास्थल पर चीख-पुकार और घायलों की मदद के लिए लोगों की आवाजें गूंजती रहीं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों ट्रेनों में मिलाकर करीब 400 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के इलाज के लिए अतिरिक्त चिकित्सा संसाधन लगाए गए हैं।
इस गंभीर दुर्घटना पर स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है। वहीं मैड्रिड क्षेत्र की अध्यक्ष इसाबेल डियाज़ आयुसो ने एंडालूसिया प्रशासन को हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मैड्रिड के अस्पताल घायलों के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
सुरक्षा और जांच को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मैड्रिड और एंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं पूरी तरह से रोक दी गई हैं। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की अपील की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0