कहा, भाजपा उनकी सरकार के कामों से डरी बोले, इनका खुद का नहीं है कोई राजनीतिक अस्तित्व
कहा, भाजपा उनकी सरकार के कामों से डरी बोले, इनका खुद का नहीं है कोई राजनीतिक अस्तित्व
खबर खास, चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की खबरों के बीच विदेश दौरे से लौटे सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर कहा कि भाजपा में गए सांसदों ने पंजाबियों से गद्दारी की है।
सीएम मान ने कहा कि “पार्टी बड़ी होती है, संगठन बड़ा होता है, व्यक्ति नहीं। ये छह-सात लोग जो गए हैं, वे पंजाबियों के साथ गद्दारी करके गए है। यहां बैठे-बैठे इन्हें पद मिल गए , इन्हें किसी से वोट मांगने की जरूरत नहीं पड़ी। अब ये अपनी राजनीतिक नहीं जान बचाने के लिए वहां गए हैं, लेकिन वहां भी इनका कुछ नहीं होना है। वहां भी इन्हें इस्तेमाल करके छोड़ दिया जाएगा। पहले देख लो कैप्टन साहब की बात कोई नहीं सुनता। सिंधिया का हाल भी सबके सामने है।”
सीएम ने कहा कि वह ईडी से कहते हैं कि मेरे घर पर छापा मारो। उन्होंने कहा कि ईडी ने संजय सिंह के घर पर रेड की थी। लेकिन क्या मिला ? उन्होंने कहा कि दम है तो उन्हें खरीद कर दिखाओ। मान ने कहा कि वह करंसी अभी नहीं बनी जिससे मान को खरीदा जा सके।
मान ने कहा कि थोड़ा दुख जरूर हुआ है। जब पार्टी बनाई थी, तब यह लोग अपने कामों में लगे थे। राघव चड्ढा को जल बोर्ड का चेयरमैन बनाया था। बिना वोट मांगे राज्यसभा मेंबर बनाया। हमारा संगठन एकजुट है। एक दो लोगों के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता है।
उन्होंने कहा कि हमारे एमएमएस ग्रुप बनाकर उन्हें मान्यता देने की कोशिश की गई। किसान आंदोलन के समय भी भाजपा ने गद्दारी की।” “अब हमारे सांसदों को अपने साथ शामिल किया जा रहा है, क्योंकि पंजाब में उनका अपना कोई मजबूत आधार नहीं है। लेकिन वे पूछते हैं कि भगवंत मान सरकार का विकल्प क्या है।”
मान ने आरोप लगाया कि भाजपा हमारी सरकार के कामों से डरे हुए हैं। इन्होंने जरूर सर्वे करवाया होगा, जिसमें उन्हें पता चला होगा कि उनकी स्थिति बिल्कुल मजबूत नहीं है। इसलिए हमारी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की गई। पंजाबी दिल से प्यार करते हैं, लेकिन अगर कोई उनसे धोखा करता है, तो वे उसे पीढ़ियों तक याद रखते हैं।”
तीन-चार दिन पहले राघव चड्ढा को गालियां निकालने वाले रवनीत बिट्टू अब कैसे मिलेंगे?
मान ने कहा कि मैं सख्त शब्दों में इस चीज की निंदा करता हूं। अमित शाह को यह बात पसंद नहीं आई होगी कि भगवंत मान का कोई विकल्प नहीं है। रवनीत बिट्टू तीन-चार दिन पहले राघव चड्ढा को गालियां निकाल रहे थे। अब कैसे मिलेंगे।
यहां राघव चड्ढा का दम घुटने लगा, जब 50 नंबर कोठी में थे, वहां बड़ी खुली हवा आती थी
मान ने कहा कि राघव कहते हैं कि यहां दम घुटने लग गया। जब 50 नंबर कोठी में थे, तो वहां पर बड़ी खुली हवा आती थी। उन्होंने कहा कि वैसे तो वह सरपंच बनने के भी लायक नहीं थे। अशोक मित्तल के यहां ईडी का एक छापा था। इनकी पार्टी ईडी और सीबीआई के सिर पर चलती है। यह डेमोक्रेटिक पार्टी नहीं है। आम आदमी पार्टी के साथ लोग खड़े हैं।
हम केजरीवाल के सिपाही
मान ने कहा कि हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। सात लोग पार्टी नहीं थे। कई बार व्यक्ति को वहम हो जाता है कि सेल्यूट हमें मारे जाते है। लेकिन पीछे कोई और होता है। पंजाब के लोग इन गद्दारों को माफ नहीं करेंगे। यह मेले वाले अमरूद बनकर रह गए हैं। इन्हें कौन पूछेगा।
भाजपा आर्थिकता पर करती है चोट
सीएम मान ने कहा कि भाजपा आर्थिकता पर चोट करती है। उनका भी नाटक भाजपा ने बंद करवाया था। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह को भी इसी तरह की धमकियां मिली होंगी क्योंकि वह क्रिकेट में कमेंट्री करते हैं।
केंद्र में पंजाब की नुमाइंदगी करने गए सातों नेताओं ने दिया लोगों को धोखा
सीएम ने कहा कि यह सातों नेता पंजाब की नुमाइंदगी करने गए थे, लेकिन लोगों से धोखा कर दिया। सीएम ने कहा कि यह लोगों के नेता नहीं थे। इन्हें राज्यसभा मेंबर बनाकर भेजा था। सरपंच का भी अपना वोट बैंक होता है, लेकिन इनका नहीं था। उन्होंने कहा कि जब दूसरी पार्टी जॉइन करते हुए कहते है कि पंजाब के हितों के लिए जॉइन कर रहे हैं। वह भी बताओं कौन से हित है। यह तो आया राम गया राम वाले हो गए है।
सभी विधायक हमारे साथ
मान ने कहा कि पंजाब के सभी विधायक पार्टी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि गिले-शिकवे चलते रहते हैं, पर उन्हें दूर कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेतों से भाजपा चुनाव नहीं जीत सकती। मान ने कहा कि इसी तरह की कोशिश हिमाचल से लेकर बंगाल तक की।उन्होंने कहा कि जल्दी ही हमारी पार्टी की मीटिंग होगी। इसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0