मुख्य सचिव को दिए जांच के आदेश ; सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या विवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी, बोले मान कहा, पारदर्शिता बनाए रखना मेरी पहली प्राथमिकता
मुख्य सचिव को दिए जांच के आदेश ; सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या विवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी, बोले मान कहा, पारदर्शिता बनाए रखना मेरी पहली प्राथमिकता
खबर खास, चंडीगढ़ :
शनिवार सुबह पंजाब की राजनीति में एक बड़ी हलचल देखने को मिली। एक विवादित वीडियो के सामने आने के बाद सीएम भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाते हुए कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया है। मान ने अपने ही कैबिनेट मंत्री पर यह सख्त कार्रवाई पंजाब में एक वेयरहाउस अधिकारी की आत्महत्या के बाद की है।
इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या विवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी और पारदर्शिता बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।
गौर रहे कि पंजाब वेयरहाउस के अमृतसर के मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार देर रात सल्फास निगल लिया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने से पहले बनाए वीडियो में उन्होंने परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लिया है।
यह है पूरा मामला
आज एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। राज्य वेयरहाउस निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा, जो इन दिनों अमृतसर में तैनात थे, ने जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर सांझा कर लालजीत भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में गगनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि उन्होंने जहरीली दवा खा ली है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अमृतसर दौरे के दौरान मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस मामले को लेकर जिला प्रबंधक पर कथित रूप से दबाव बनाया। इससे आहत होकर रंधावा ने यह कदम उठाया।
वीडियो के सामने आने के बाद विपक्ष की ओर से सरकार को घेरने के साथ-साथ जवाबदेही की मांग तेज हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंत्री से इस्तीफा ले लिया। सीएम मान ने इस पूरे मामले की जांच के लिए मुख्य सचिव को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
वहीं, इस फैसले के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है, जबकि सरकार इसे जवाबदेही और साफ-सुथरी राजनीति की दिशा में बड़ा कदम बता रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0