हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को पुन: विश्व गुरु बनाने के लिए युवा पीढ़ी को महर्षि दयानंद सरस्वती की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करने की जरूरत है। इसके लिए हमें युवाओं को अच्छी शिक्षा व संस्कार देने चाहिए। इस कार्य को गुरुकुल कुरुक्षेत्र के साथ-साथ आर्य समाज की तरफ से चलाए जा रहे अन्य गुरुकुल संस्थानों द्वारा भी बखूबी से किया जा रहा है।
कहा- गुरूकुलों में तैयार किए जा रहे अच्छे नागरिक
समारोह में गुजरात के राज्यपाल एवं गुरुकुल के संस्थापक आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत को पुन: विश्व गुरु बनाने के लिए युवा पीढ़ी को महर्षि दयानंद सरस्वती की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करने की जरूरत है। इसके लिए हमें युवाओं को अच्छी शिक्षा व संस्कार देने चाहिए। इस कार्य को गुरुकुल कुरुक्षेत्र के साथ-साथ आर्य समाज की तरफ से चलाए जा रहे अन्य गुरुकुल संस्थानों द्वारा भी बखूबी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आज गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा की तरफ से आयोजित आर्य महासम्मेलन के समापन समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के साथ गुरुकुल का भ्रमण किया और देसी गाय की गौशाला का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने आर्य समाज के प्रणेता महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति तथा मानव कल्याण के लिए आर्य समाज के प्रतिनिधियों ने आज इस दो दिवसीय आर्य महासम्मेलन में गहन विचार-मंथन किया है इससे समाज को एक नई दिशा मिलेगी। इस आयोजन के लिए आर्य समाज के लोग बधाई के पात्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि दयानंद ने वर्ष 1875 में आर्य समाज का गठन किया था। इस समाज ने धर्म, समाज और राष्ट्र के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। वैदिक आदर्शों और संस्कृति के प्रति निष्ठा जताते हुए जातिवाद का अंत करने, सबको पढ़ने का अधिकार, स्त्री शिक्षा, विधवा विवाह, छूआछूत को समाप्त करने व गौ-रक्षा आदि के लिए उल्लेखनीय कार्य भी किए हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत परतंत्र था तब महर्षि दयानंद ने देश में स्वराज की मशाल जलाई। देश की आजादी के आंदोलन में आर्य समाज की अहम भूमिका रही। स्वामी श्रद्धानंद , महात्मा हंसराज, लाला लाजपत राय, वीर सावरकर और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे महान देशभक्तों का नाम शामिल है। अमर शहीद मदन लाल ढींगरा और शहीदे आजम भगत सिंह जैसे वीरों के जीवन पर भी आर्य समाज की गहरी छाप थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संगठन महासभा द्वारा हर वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्य समाज के प्रगतिशील विचारों को आज फिर उसी संकल्प, निष्ठा और समर्पण के साथ गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने की जरूरत है। इससे भारत आध्यात्मिक गुरू का अपना प्राचीन गौरव फिर से हासिल करेगा। इसी लक्ष्य को लेकर हरियाणा में शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं।
सरकार ने गुरुकुलों व संस्कृत पाठशालाओं को दिया अनुदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गुरुकुलों व संस्कृत पाठशालाओं को अनुदान देने की पहल की है। कैथल जिले के मुंदड़ी में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। स्कूली पाठ्यक्रम में गीता का सार, स्वच्छता, योग व नैतिक शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।
Comments 0