सड़क किनारे बैठी गायों पर चढ़ा ट्रक, चार गंभीर घायल; चालक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
सड़क किनारे बैठी गायों पर चढ़ा ट्रक, चार गंभीर घायल; चालक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
खबर खास | फरीदाबाद
हरियाणा के फरीदाबाद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। इस हादसे में छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साई भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर कई गायें सड़क किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गायों के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल गायों की दर्दनाक हालत देखकर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी और गौ-रक्षा संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि उन्हें आसपास के लोगों से हादसे की सूचना मिली थी। जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो छह गायों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गायें गंभीर रूप से घायल थीं।
घायल गायों को स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी गौशालाओं में भेजा गया। वहीं मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0