रेवाड़ी में मकान गिरने से महिला और बच्चा घायल, गुरुग्राम में जलभराव से ट्रैफिक जाम; 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रेवाड़ी में मकान गिरने से महिला और बच्चा घायल, गुरुग्राम में जलभराव से ट्रैफिक जाम; 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
खबर खास | गुरुग्राम/रेवाड़ी
हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी समेत कई जिलों में बारिश के कारण जलभराव, ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याएं सामने आईं। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेवाड़ी जिले के कुहाड़ गांव में लगातार हुई बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मलबे के नीचे गांव निवासी ओमप्रकाश की 28 वर्षीय बहू ज्योति और उनका 7 वर्षीय भतीजा दब गए। परिवार के सदस्यों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद मानेसर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं सेक्टर-55 में जलभराव के कारण कई वाहन बीच सड़क पर फंस गए, जिनमें एक स्कूल बस भी शामिल थी। सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
मौसम की गंभीर स्थिति और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) की अनुमति दें। पुलिस का कहना है कि इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
हिसार और रेवाड़ी के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। निचले क्षेत्रों में पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ा। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ केंद्र ने हरियाणा के 14 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, क्योंकि दिनभर भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0