अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुवार के लिए चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को भी चंबा और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील इलाकों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन, चट्टानें गिरने और जलभराव जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राज्य में 4 अगस्त तक बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि 1 अगस्त से 4 अगस्त के बीच मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। इस अवधि में किसी भी जिले के लिए रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है और केवल येलो अलर्ट ही प्रभावी रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई या मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा, जिससे अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि आईएमडी का अनुमान है कि अगले छह दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
इस बीच बुधवार शाम शिमला के ढली क्षेत्र में भूस्खलन की घटना भी सामने आई, जिसमें एक वाहन को मामूली नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
राज्य प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की यात्रा करने से बचें। साथ ही मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0