मोगा से आप विधायक का बड़ा दावा; कहा- ईडी रेड के दौरान भाजपा में शामिल होने का बनाया गया दबाव, खाली हाथ लौटी केंद्रीय एजेंसी
मोगा से आप विधायक का बड़ा दावा; कहा- ईडी रेड के दौरान भाजपा में शामिल होने का बनाया गया दबाव, खाली हाथ लौटी केंद्रीय एजेंसी
खबर खास | मोगा
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष और मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने गुरुवार को एक बड़ा और सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आवास पर चली 42 घंटे लंबी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दौरान उन पर मंत्री पद के बदले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का भारी दबाव बनाया गया था।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अरोड़ा ने बताया कि ईडी ने उनके घर और अस्पताल में व्यापक तलाशी ली, लेकिन एजेंसी को एक भी रुपया या किसी भी तरह की गड़बड़ी का सबूत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान उनके छोटे बच्चों समेत पूरे परिवार को घर के अंदर ही नजरबंद रखा गया।
आप विधायक ने कहा, "मुझ पर बार-बार भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला गया और यहां तक कि मंत्री पद देने की पेशकश भी की गई। हालांकि, मैंने इस ऑफर को साफ ठुकरा दिया। आम आदमी पार्टी मेरी मातृ पार्टी है और मैं हमेशा इसी के साथ निष्ठा से खड़ी रहूंगी।"
डॉ. अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि उनसे आप सरकार बनने से पहले की अवधि से जुड़े बिपन उनकारा और राकेश सितारा से संबंधित कुछ वित्तीय लेन-देन के बारे में पूछताछ की गई थी। उन्होंने दावा किया कि मनी लॉन्ड्रिंग या किसी भी तरह की अनियमिता का कोई सबूत ईडी को नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन कोई भी धमकी या राजनीतिक लालच उनकी निष्ठा को डगमगा नहीं सकता।
वहीं, आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने भी ईडी रेड में कुछ न मिलने का दावा करते हुए कहा कि विधायक अरोड़ा को भाजपा में शामिल कराने के लिए बड़े राजनीतिक पदों का लालच दिया गया था। उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0