सीएम ने कहा -पंजाब से सटे क्षेत्रों का एंट्री टैक्स होगा कम, एनएचएआई के फास्टैग के कारण बढ़े दाम
सीएम ने कहा -पंजाब से सटे क्षेत्रों का एंट्री टैक्स होगा कम, एनएचएआई के फास्टैग के कारण बढ़े दाम
खबर खास, शिमला :
सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 2026-27 के लिए 54 हजार 928 हजार करोड़ का बजट पारित कर दिया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते 21 मार्च को आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट पेश किया था। वहीं, आज प्रश्नकाल के दौरान एंट्री टैक्स का मामला उठा। इसे लेकर कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन भी किया।
एंट्री टैक्स का मामला नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने सदन में उठाया। उन्होंने कहा एंट्री टैक्स को लगाना चिंता का विषय है। अगर हिमाचल का व्यक्ति पंजाब जाता है तो उसे दिक्कत हो रही है। इसे देखते हुए पंजाब सरकार से बात करनी चाहिए। पंजाब में भी विरोध हो रहा है। वहीं, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि एंट्री टैक्स मामले पर मुख्यमंत्री ने पुनर्विचार करने का फैसला लिया है। पंजाब में जो प्रदर्शन हो रहे हैं उससे हिमाचल के लोग भी प्रभावित हो रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इस मसले का हल निकलेगा। हिमाचल के अधिकतर औद्योगिक क्षेत्र सीमावर्ती इलाकों में स्थापित हैं, ऐसे में उद्योगों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
इस मामले सीएम सुक्खू ने कहा कि पंजाब सीमा से सटे क्षेत्रों में एंट्री टैक्स को कम करने को कह दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कोई एंट्री टैक्स नहीं लगाया। यह पहले से ही लगा है। उन्होंने कहा कि जो बढ़ोतरी हुई है, उसका कारण एनएचएआई ने फास्टैग है।
प्रश्नकाल के दौरान ही सीएम की पत्नी व विधायक कमलेश ठाकुर ने देहरा के मछुआरों का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि देहरा में मछुआरों की संख्या काफी है, जिनकी आजीविका मछली पर निर्भर है, लेकिन पोंग डैम बनने के बाद से यहां मछुआरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साल 2023 में आई भयंकर बाढ़ के बाद सिल्ट बढ़ गई, जिससे मछली कारोबार प्रभावित हो रहा है और मछलियां भी मर रही हैं। उन्होंने सरकार से इस पर संज्ञान लेने और बीबीएमबी प्रबंधन को सिल्ट हटाने के निर्देश देने की मांग की। इस पर सीएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया और कहा कि सरकार इस बार के बजट में मछुआरों के लिए कई योजनाएं लेकर आई है।
मनाली से कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ के सवाल के जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि पायलट आधार पर अभी कुल्लू में ब्यास नदी की ड्रेजिंग की जा रही है। उसके बाद मनाली में की जाएगी और फिर देहरा में की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्रेजिंग नहीं होने के कारण मानसून में ब्यास नदी का जलस्तर काफी बढ़ जाता है, जिससे पानी लोगों के घरों में घुस जाता है और तबाही का कारण बनता है
बंबर ठाकुर ने भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिया सदन के बाहर धरना
कांग्रेस के बिलासपुर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर धरने पर बैठ गए। बंबर ठाकुर ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक ज्ञापन सौंपकर भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राकेश जम्वाल से जुड़े प्रकरणों में पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जबकि विभिन्न घटनाओं में उनका नाम सामने आया है। उन्होंने कथित अवैध गतिविधियों और राजनीतिक दबाव के मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग की। बबर ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि बिलासपुर क्षेत्र में अवैध माइनिंग और जमीन से जुड़े मामलों में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हो रही हैं, जिनकी जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते उन्होंने सरकार से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
बंबर ठाकुर ने कहा कि पुलिस जांच में ऑपरेशन लोटस में मुख्य अभियुक्त के तौर पर जो व्यक्ति सामने आया, उसकी गिरफ्तारी को विधायक के भाई रोक रहे हैं, जो कि डीजीपी ऑफिस में तैनात हैं। उन्होंने डीजीपी ऑफिस से ऐसे अधिकारी को हटाने की मांग की है। बंबर ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर के विधायक माइनिंग माफिया का काम कर रहे हैं और जिला प्रशासन जेपी नड्डा के दबाव में एक्शन नहीं ले रहा। उन्होंने कहा कि करोड़ों की माइनिंग करके पत्थर बेचे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चार लोगों ने 14 मार्च 2025 को उन पर गोलियों से हमला किया, लेकिन हिमाचल पुलिस मुख्य शूटर को गिरफ्तार नहीं कर पाई। हरियाणा पुलिस ने जरूर पकड़ा है। हमारी पुलिस अभी तक यह पता नहीं कर पाई कि उन्हें मारने की सुपारी किसने दी थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0