सुक्खू खेमे के दो और होली लॉज गुट के दो नेताओं को तरजीह शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिले में फंसा पेंच कांगड़ा में सुक्खू के करीबियों को संगठन की कमान, कुल्लू और लाहौल स्पीति में विक्रमादित्य सिंह के करीबियों को कमान
सुक्खू खेमे के दो और होली लॉज गुट के दो नेताओं को तरजीह शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिले में फंसा पेंच कांगड़ा में सुक्खू के करीबियों को संगठन की कमान, कुल्लू और लाहौल स्पीति में विक्रमादित्य सिंह के करीबियों को कमान
खबर खास, शिमला :
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आखिरकार हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। देर रात इस बाबत फैसला लिया गया। इनमें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू खेमे के दो जबकि होली लॉज गुट के दो नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी आलाकमान ने मंडी और बिलासपुर जिले में दो महिलाओं को जिलाध्यक्ष बनाया है। वहीं, शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिले में अभी अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिले में अधिक दावेदारों के होने के चलते अभी विवाद बना हुआ है। कांगड़ा और हमीरपुर जिले में सीएम सुक्खू के करीबियों को संगठन की कमान सौंपी गई है। कांगड़ा में अनुराग शर्मा और हमीरपुर में सुमन भारती शर्मा सुक्खू के करीबियों में शुमार हैं।
जबकि कुल्लू और लाहौल स्पीति जिले में होली लॉज और विक्रमादित्य सिंह के करीबियों को कमान सौंपी गई है। कुल्लू में सीसराम को अध्यक्ष बनाया गया है जिन्हें वीरभद्र सिंह के करीबी के तौर पर जाना जाता है। वहीं, दोरजे अंगरूप, विक्रमादित्य सिंह के खासमखासों में शुमार हैं। ऊना में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के करीबी देसराज गौतम को अध्यक्ष बनाया गया है।
मंडी में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। कौल सिंह ठाकुर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और होली लॉज के करीबियों में से हैं लेकिन सुक्खू के सीएम बनने के बाद से ही चंपा ठाकुर दोनों गुटों के साथ न्यूट्रल रही हैं।
चंबा में जिन सुरजीत कुमार भरमौरी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है वह राहुल गांधी की टीम के माने जाते है। सिरमौर में पार्टी हाईकमान ने हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के पोते आनंद परमार को अध्यक्ष बनाया गया है। सोलन में मंत्री एवं स्थानीय विधायक धनीराम शांडिल के करीबी सुभाष चंद वर्माणी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। शिमला शहरी में इंदरजीत सिंह को कमान दी गई है। बिलासपुर में पूर्व अध्यक्ष अंजना धीमान को ही फिर से पार्टी की जिम्मेदारी दी गई है।
ये नियुक्तियां संगठन सृजन अभियान के तहत की गई है। इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। इनकी नियुक्ति से पहले पार्टी ने सभी जिलों में ऑब्जर्वर भेजे थे। इनकी रिपोर्ट के आधार पर जिलाध्यक्ष लगाए गए है। राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणु गोपाल ने अधिसूचना जारी करते हुए ने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त जिला अध्यक्ष बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करेंगे, कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और सरकार की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच रखेंगे।
कांग्रेस हाईकमान ने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों से अपेक्षा जताई है कि वे पार्टी की विचारधारा और अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे और जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक बुलंद करेंगे। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति 421 दिन के अंतराल के बाद की गई है, क्योंकि पुरानी कार्यकारिणी नवंबर 2024 में ही भंग कर दी गई थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0