कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर तिरंगे के अममान का मामला होगा दर्ज
कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर तिरंगे के अममान का मामला होगा दर्ज
खबर खास, शिमला :
'जिन लोगों ने राजस्व मंत्री की तिरंगा लगी गाड़ी पर काले झंडे और जूते फेंके हैं, उन पर तिरंगे के अपमान का मामला दर्ज होगा।' यह कहना है हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का। उन्होंने आज यहां कहा कि भाजपा वर्करों की यह करतूत अशोभनीय है। सरकार ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है। वहीं, राजस्व मंत्री को सराज में काले झंडे व जूते फेंकने के मामले में किन्नौर में कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का पुतला जलाया।
गौर रहे कि बीते शुक्रवार सराज विस के जंजैहली में कुछ लोगों ने थुनाग हॉर्टिकल्चर कॉलेज शिफ्ट करने के विरोध में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को काले झंडे दिखाए और उनकी तिरंगा लगी गाड़ी पर जूते व काले झंडे फेंके। मुख्यमंत्री सुक्खू इस घटना पर काफी भड़के हैं।
उन्होंने कहा, सरकार ने हॉर्टिकल्चर कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों की डिमांड पर थुनाग कॉलेज को दूर नहीं, बल्कि मंडी जिले के ही साथ लगते नाचन के गोहर शिफ्ट किया। राजस्व मंत्री यही बात बार-बार जनता को कह रहे थे कि यह सरकार का फैसला है। मगर भाजपा के लोगों ने राजस्व मंत्री के साथ गलत व्यवहार किया। सरकार इसकी निंदा करती है।
सुक्खू ने कहा, भाजपा नेता कह रहे हैं कि उन पर भी एफआईआर करो। सरकार एफआईआर के लिए नहीं बल्कि आपदा प्रभावितों की मदद के लिए है। आपदा से जो भी परिवार प्रभावित हुए हैं, सरकार उन्हें बसाएगी। उनके लिए स्पेशल पैकेज दिया जाएगा। जिनके घर टूटे, गाय, भेड़-बकरी बह गई, उन्हें भी राहत दी जाएगी।
अच्छा होता कि 2023-24 में हुई भीषण तबाही के दौरान भी भाजपा नेता केंद्रीय मंत्रियों से मिले होते
सीएम ने पत्रकारों के उस प्रश्न का जवाब जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सभी भाजपा नेता और सांसद केंद्रीय मंत्रियों से राहत राशि के लिए मिले हैं, इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने तंज कसते हुए कहा, अच्छा होता कि जब 2023-24 में पूरे प्रदेश में सदी की सबसे भीषण तबाही हुई थी, उस दौरान भी भाजपा नेता केंद्रीय मंत्रियों से मिले होते? उन्होंने कहा, 2023 में जब पूरे प्रदेश में तबाही हुई थी, तब कांग्रेस ने विधानसभा में तीन दिन चर्चा के बाद केंद्र से स्पेशल पैकेज की मांग को लेकर प्रस्ताव पास किया। भाजपा ने इस प्रस्ताव पर वोटिंग के वक्त सदन से वॉकआउट कर दिया था। उन्होंने कहा, देर आए दुरुस्त आए, चलो अच्छा है।
भाजपा नेता केंद्र के समक्ष उठाए वन भूमि पर घर बनाने की इजाजत देने का मामला
सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा नेताओं को केंद्र से वन भूमि पर घर बनाने की इजाजत देने का मामला उठाना चाहिए, क्योंकि आपदा में कई लोगों की जमीन बह गई है और घर बनाने को जगह नहीं बची। राज्य सरकार बार-बार केंद्र से वन भूमि पर घर बनाने की अनुमति मांग रही है।
नशे पर राज्यपाल की प्रदेश सरकार को लेकर टिप्पणी शोभनीय नहीं
सीएम सुक्खू ने प्रदेश के राज्यपाल की हिमाचल सरकार को लेकर नशे पर टिप्पणी को लेकर कहा कि राज्यपाल संवैधानिक पद पर बैठे हैं। नशे पर हिमाचल सरकार को लेकर उनकी टिप्पणी शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि, हिमाचल सरकार ने नशे को खत्म करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं। राज्य में नशा मुक्ति केंद्र खोला जा रहा है। अब राज्यपाल ने किस संदर्भ में टिप्पणी की है, इसे लेकर वह खुद राज्यपाल से मिलेंगे। गौर रहे कि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बीते सप्ताह राजभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा था कि हिमाचल सरकार नशे को लेकर गंभीर नहीं है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0