सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने नए ई-बस डिपो का भी उद्घाटन, शहर के 20 रूटों पर दौड़ेंगी नई बसें; प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने पर सरकार का जोर
सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने नए ई-बस डिपो का भी उद्घाटन, शहर के 20 रूटों पर दौड़ेंगी नई बसें; प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने पर सरकार का जोर
खबर खास | गुरुग्राम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गुरुग्राम के लोगों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन भी किया। नई बसें गुरुग्राम के 20 अलग-अलग रूटों पर संचालित होंगी, जिससे शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और बेहतर होगी।
गुरुग्राम में अब 250 बसों का बेड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की शुरुआत वर्ष 2018 में 25 बसों के साथ हुई थी। वर्तमान में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड के बेड़े में 150 सीएनजी बसें शामिल हैं। अब 100 नई इलेक्ट्रिक बसें जुड़ने से कुल बसों की संख्या 250 हो गई है। उन्होंने कहा कि यह शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
20 रूटों पर मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम देश का प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में लोग नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य कामों के लिए रोजाना सफर करते हैं। ऐसे में सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की जरूरत लगातार बढ़ रही है। नई इलेक्ट्रिक बसों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे।
2047 के विकसित भारत लक्ष्य में स्वच्छ शहरों की अहम भूमिका
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधुनिक और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहरों का निर्माण जरूरी है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा के 10 बड़े शहरों में फिलहाल 160 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं, जिनकी संख्या इस साल के अंत तक 375 करने का लक्ष्य है।
सात शहरों में जल्द शुरू होंगी 450 मिनी बसें
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द ही 450 नई मिनी बसें शुरू की जाएंगी। इससे अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा बेहतर होगी और ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील भी की।
इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम को लंबे समय से इलेक्ट्रिक बसों की जरूरत थी। नौ मीटर लंबी ये बसें शहर के भीतर आवागमन को आसान बनाएंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एनसीआर का प्रमुख आर्थिक केंद्र होने के साथ प्रदूषण की समस्या से भी जूझ रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
नागरिकों से स्वच्छता में भागीदारी की अपील
राव नरबीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पॉलिथीन का इस्तेमाल बंद करने, कचरे का उचित निस्तारण करने और खुले में कूड़ा जलाने से बचने की अपील की। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि जनभागीदारी से गुरुग्राम को भी स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जीएमडीए के सीईओ डीके बेहेरा, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज तथा जीएमडीए और जीएमसीबीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026
Comments 0