किशाऊ बांध परियोजना के ऐतिहासिक समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश को 211 मेगावाट मुफ्त बिजली और पांच वर्ष बाद प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान।
किशाऊ बांध परियोजना के ऐतिहासिक समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश को 211 मेगावाट मुफ्त बिजली और पांच वर्ष बाद प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान।
खबर खास | शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में नव-निर्मित अकादमिक ब्लॉक तथा कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना पर हुए समझौते को प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इस समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश को किशाऊ बांध परियोजना से 211 मेगावाट मुफ्त बिजली प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों के बाद राज्य को इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय होने की भी संभावना है, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रारंभ में इस परियोजना को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था, क्योंकि हिमाचल प्रदेश के हितों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई थी। यमुना और टौंस नदियों पर विकसित की जा रही किशाऊ बांध परियोजना से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों को जल आपूर्ति की जाएगी।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि मुफ्त बिजली के प्रावधान के बिना परियोजना को स्वीकृति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 211 मेगावाट मुफ्त बिजली सुनिश्चित करने वाला अंतिम समझौता हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी जीत है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि यह परियोजना किसी निजी कंपनी को दी जाती, तो राज्य को केवल 12 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी और 1 प्रतिशत स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (LADA) का लाभ मिलता। ऐसे में वर्तमान समझौता हिमाचल प्रदेश के लिए कहीं अधिक लाभकारी और हितकारी साबित होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0