वाराणसी, जम्मू, फरीदकोट और बठिंडा से शुरू होंगी यात्राएं, 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी
वाराणसी, जम्मू, फरीदकोट और बठिंडा से शुरू होंगी यात्राएं, 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने गुरु रविदास जी महाराज के आगामी 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यव्यापी समारोहों के तहत देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक केंद्रों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ने वाली चार विशाल शोभायात्राएं आयोजित करने का ऐलान किया है। इन शोभायात्राओं के जरिए गुरु रविदास जी महाराज के सार्वभौमिक संदेश और उनकी पवित्र शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ श्रद्धालुओं को भक्ति और आपसी सद्भाव के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में इन शोभायात्राओं की जानकारी दी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अगले वर्ष फरवरी में होने वाले गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व से पहले प्रदेशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गुरु जी की विचारधारा और शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाना है। इसके तहत ड्रोन शो, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अकादमिक संगोष्ठियां, स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं, गुरु साहिब की वाणी पर विचार-विमर्श और विभिन्न शहरों में कीर्तन दरबार आयोजित किए जा रहे हैं।
वाराणसी से शुरू होगी पहली शोभायात्रा
चीमा ने बताया कि पहली शोभायात्रा 30 नवंबर को वाराणसी यानी काशी से शुरू होगी। यह यात्रा कानपुर, दिल्ली, अंबाला, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और रूपनगर से होकर गुजरेगी। इसके बाद 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
फरीदकोट से निकलेगी दूसरी यात्रा
दूसरी शोभायात्रा 2 दिसंबर को फरीदकोट से शुरू होगी। यह फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और गढ़शंकर से होकर गुजरेगी और 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में पहुंचेगी।
बठिंडा से 1 दिसंबर को रवाना होगी तीसरी शोभायात्रा
तीसरी शोभायात्रा 1 दिसंबर को बठिंडा से शुरू होगी। इसके मार्ग में बरनाला, मानसा, लहरागागा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा और रूपनगर शामिल होंगे। यह यात्रा भी 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
जम्मू से निकलेगी चौथी शोभायात्रा
चौथी शोभायात्रा 30 नवंबर को जम्मू से रवाना होगी। यह पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होकर गुजरेगी। इसके बाद 3 दिसंबर को यह यात्रा श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी और बाकी तीनों शोभायात्राओं के साथ मुख्य धार्मिक आयोजन में शामिल होगी।
4 दिसंबर से शुरू होगा मुख्य धार्मिक समागम
वित्त मंत्री के अनुसार चारों शोभायात्राओं के श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचने के बाद 4 दिसंबर से मुख्य आध्यात्मिक समागम की शुरुआत होगी। इस अवसर पर श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ किया जाएगा।
सरकार के अनुसार इन आयोजनों के माध्यम से गुरु रविदास जी महाराज की समानता, मानवता, भाईचारे और सद्भाव की शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0