मौके से सिरिंज, बीड़ियों का बंडल और माचिस बरामद; फॉरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मौके से सिरिंज, बीड़ियों का बंडल और माचिस बरामद; फॉरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित मोटर मार्केट के प्रवेश द्वार के पास झाड़ियों में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, एक दुकानदार शौच के लिए झाड़ियों की ओर गया था, जहां उसकी नजर शव पर पड़ी। शव देखकर वह घबरा गया और तुरंत अन्य व्यापारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बाजार के व्यापारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से बीड़ियों का एक बंडल और माचिस बरामद हुई, जबकि उसकी कमर के पास एक सिरिंज भी मिली। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को नशे की ओवरडोज की आशंका है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव लगभग दो से तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। सड़न के कारण मृतक का चेहरा काला पड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र को सुरक्षित किया और स्थानीय थाने को सूचित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे ढक दिया तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों और केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया। जांच एजेंसियां मौत के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटा रही हैं।
मलोया थाना प्रभारी (एसएचओ) बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस हत्या, प्राकृतिक मृत्यु और दुर्घटनावश मृत्यु समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0