डीआईजी कुलदीप सिंह चहल और एसएसपी बरनाला प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताएंगे हमले की पूरी साजिश
डीआईजी कुलदीप सिंह चहल और एसएसपी बरनाला प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताएंगे हमले की पूरी साजिश
खबर खास | बरनाला
बरनाला पुलिस ने पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर हुई फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से संबंधित हैं और वारदात वाली रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुलाब सिद्धू के घर पहुंचे थे। पुलिस अब इस हमले के पीछे की पूरी साजिश और इसके मकसद का खुलासा करने की तैयारी में है।
हालांकि, अभी तक जिले के किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारियों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि मामले की पूरी जानकारी आज दोपहर 1 बजे एसएसपी बरनाला के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी। पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चहल भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि पुलिस आरोपियों को मीडिया के सामने पेश कर हमले से जुड़ी पूरी साजिश का खुलासा करेगी।
यह फायरिंग 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच बरनाला के गांव फरवाही स्थित गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर हुई थी। वारदात के समय गायक खुद घर पर मौजूद नहीं थे। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं मिली थी।
पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर तीन युवक मोटरसाइकिल पर घर के बाहर पहुंचते दिखाई दिए। फुटेज के अनुसार, मोटरसाइकिल के बीच में बैठे युवक ने पिस्तौल लोड करने के बाद घर की तरफ फायरिंग की। इसके बाद पीछे बैठे एक अन्य युवक ने भी गोलियां चलाईं। मोटरसाइकिल चला रहा युवक पूरी वारदात का वीडियो बना रहा था। सीसीटीवी में तीनों युवकों को घर की तरफ जाते और फिर फायरिंग के बाद वहां से निकलते हुए देखा गया।
गुलाब सिद्धू से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने गायक पर हमला करने की कथित साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। उस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर कोटदूना गांव के सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा का नाम सामने रखा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोल से नाराज थे। आरोप था कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए गायक को धमकियां भी दी थीं। जांच में पुलिस ने दावा किया था कि आरोपी लाइव कार्यक्रम के दौरान गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने यह भी कहा था कि आरोपियों का मकसद पंजाब में डर का माहौल पैदा करने और इसके बाद वसूली की गतिविधियों में शामिल होने का था।
अब ताजा फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हमले के पीछे के लोगों, मकसद और पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस की ओर से इस मामले में कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0