20 वर्षीय युवक ने गलती से निगली थीं दो पिनें, एक भोजन नली से होते हुए दिल के बाएं वेंट्रिकल की मांसपेशी में फंसी; जटिल ऑपरेशन कर 4 सेंटीमीटर लंबी पिन निकाली
20 वर्षीय युवक ने गलती से निगली थीं दो पिनें, एक भोजन नली से होते हुए दिल के बाएं वेंट्रिकल की मांसपेशी में फंसी; जटिल ऑपरेशन कर 4 सेंटीमीटर लंबी पिन निकाली
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च के डॉक्टरों ने एक बेहद दुर्लभ और जानलेवा मामले में 20 वर्षीय युवक की जान बचाई। पगड़ी बांधते समय युवक ने गलती से धातु की दो पिनें निगल ली थीं। इनमें से एक पिन भोजन नली से आगे निकलकर दिल की मांसपेशी तक पहुंच गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर इस पिन को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, पिन निगलने के बाद युवक को निगलने में परेशानी होने लगी। एक्स-रे में दोनों पिनें दिखाई दीं। इसके बाद दूरबीन जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक पिन को ढूंढकर निकाल लिया, लेकिन दूसरी पिन का पता नहीं चल पाया।
इसके बाद उच्च क्षमता वाली सीटी जांच कराई गई। इसमें पता चला कि दूसरी पिन भोजन नली से आगे निकलकर दिल के आसपास की झिल्ली की ओर पहुंच चुकी थी। पिन की नोक दिल के बाएं वेंट्रिकल के पास मिली। आगे की हृदय संबंधी जांच से पुष्टि हुई कि पिन दिल की मांसपेशी में धंस गई थी। इसके कारण दिल के आसपास थोड़ी मात्रा में खून भी जमा हो गया था। हालांकि, उस समय तक दिल पर जानलेवा दबाव नहीं बना था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन करने का फैसला किया। पीजीआई के हृदय एवं वक्ष तथा रक्तवाहिका शल्य चिकित्सा विभाग की टीम ने छाती के बाईं ओर छठी पसली के बीच छोटा चीरा लगाया। इसके बाद दिल की बाहरी सतह में फंसी करीब 4 सेंटीमीटर लंबी पिन को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया।
ऑपरेशन के बाद युवक की हालत तेजी से सुधरी। उसे लंबे समय तक कृत्रिम सांस की जरूरत नहीं पड़ी और सर्जरी के तुरंत बाद वह सामान्य रूप से सांस लेने लगा। संक्रमण से बचाव के लिए दवाएं दी गईं। ऑपरेशन के दूसरे दिन छाती में लगाया गया नलीनुमा निकास हटा दिया गया और तीसरे दिन युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बाद की हृदय जांच में दिल की कार्यक्षमता सामान्य पाई गई।
यह दुर्लभ मामला जनवरी 2026 के इंडियन जर्नल ऑफ थोरैसिक एंड कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी के अंक में प्रकाशित हुआ है। मामले की रिपोर्ट छह डॉक्टरों की टीम ने तैयार की, जिसमें संकेथ अडेम, त्सेरिंग सांगडुप, कृष्ण प्रसाद गौरव और अक्षय खेनी सहित अन्य चिकित्सक शामिल हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, पाचन तंत्र से कोई नुकीली धातु की वस्तु निकलकर शरीर के किसी दूसरे अंग तक पहुंच जाए, ऐसे मामले बेहद दुर्लभ हैं। उनके अनुसार, यह पगड़ी की पिन के भोजन नली से होकर दिल के बाएं वेंट्रिकल की मांसपेशी में फंसने का पहला दर्ज मामला है।
डॉक्टरों ने सलाह दी कि यदि कोई मरीज नुकीली वस्तु निगल ले और दूरबीन जांच में उसका पता न चले, तो यह मान लेना सही नहीं है कि वह शरीर से बाहर निकल गई है। ऐसी स्थिति में एक्स-रे, सीटी जांच और हृदय की अल्ट्रासाउंड जांच जैसी उन्नत जांचों की जरूरत पड़ सकती है, ताकि वस्तु की सही स्थिति का पता लगाया जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0