BJP या शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर जारी
BJP या शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर जारी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इसकी वजह उनके X (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल से "National Spokesperson, BJP" पदनाम को हटाया जाना है। सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि अब तक इस संबंध में न तो भाजपा और न ही शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।
गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने अपडेट किए गए X प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट साझा किया। उनके नए बायो में लिखा है, "Religion: Islam, Culture: Hindu, Ideology: Indian. Author: GST Ki Yatra. Lifelong follower of PM Narendra Modi." इस नए बायो में पहले मौजूद "National Spokesperson, BJP" का उल्लेख नहीं है।
दिलचस्प बात यह है कि उनके Instagram प्रोफाइल पर अभी भी उन्हें BJP National Spokesperson बताया गया है। वहीं, कुछ समय पहले तक उनके X अकाउंट पर भी यही विवरण मौजूद था। इसके अलावा उन्होंने अपने पुराने इंटरव्यू के कुछ वीडियो भी दोबारा साझा किए हैं, जिनमें वह सक्रिय राजनीति छोड़ने की संभावना पर बात करते नजर आ रहे हैं। इससे सोशल मीडिया पर अटकलों को और बल मिला है।
शहजाद पूनावाला पेशे से वकील और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और दिसंबर 2017 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वर्ष 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा के सोशल मीडिया विंग का प्रभारी बनाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के मुखर समर्थक माने जाने वाले शहजाद पूनावाला टीवी डिबेट्स में अक्सर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले करते रहे हैं।
फिलहाल, न तो भाजपा और न ही शहजाद पूनावाला ने इस्तीफे या सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। ऐसे में उनके X बायो में बदलाव के आधार पर लगाई जा रही सभी अटकलें फिलहाल केवल कयास ही मानी जा रही हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0