गले लगाकर बोले, कोटद्वार आकर लेंगे जिम की सदस्यता
गले लगाकर बोले, कोटद्वार आकर लेंगे जिम की सदस्यता
खबर खास, नई दिल्ली :
उत्तराखंड के कोटद्वार में मुसलिम दुकानदार से बजरंग दल की ओर से दुर्व्यवहार और विवाद के बाद उस बुजुर्ग दुकानदार को बचाने वाले 'मोहम्मद दीपक' नामक शख्स जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने आज, सोमवार को दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए दीपक को 'साहस की लौ' बताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ' हर इंसान, एक समान... यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात - एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।'
वहीं, इस मुलाकात को लेकर दीपक ने बताया कि राहुल जी ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने उनके परिवार से बात की और मुझे तसल्ली दी कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। आपने कोई गलत काम नहीं किया है, आपने अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि वे कोटद्वार आकर मेरे जिम की मेंबरशिप लेंगे और जिम विजिट करेंगे। यह सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई। दीपक ने बताया कि राहुल ने उन्हें मदद की पेशकश भी लेकिन दीपक ने कहा कि उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है। दीपक ने राहुल का इसके लिए आभार भी जताया। दीपक की मुलाकात सोनिया गांधी से भी हुई। दीपक ने बताया कि सोनिया जी ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
दरअसल इस विवाद की शुरूआत 26 जनवरी को हुई। कोटद्वार के पटेल मार्ग पर 70 वर्षीय वकील अहमद की 'बाबा स्कूल ड्रेस' नाम की दुकान है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 'बाबा' शब्द पर आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि इससे प्रसिद्ध 'सिद्धबली बाबा मंदिर' को लेकर भ्रम फैलता है। वहीं, जब दीपक ने जब बुजुर्ग दुकानदार के साथ बदसलूकी देखी, तो वे बीच-बचाव करने पहुंचे। जब भीड़ ने दीपक का नाम पूछा, तो उन्होंने एकजुटता दिखाने के लिए कहा- "मेरा नाम मोहम्मद दीपक है।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया।
वीडियो वायरल होने के बाद 31 जनवरी को बजरंग दल ने दीपक के जिम के बाहर भारी प्रदर्शन किया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0