हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को अब पर्याप्त स्वच्छ पेयजल मिलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। भाजपा सरकार दिल्ली में गरीबों का उत्थान करने के साथ-साथ हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को अमलीजामा पहनाएगी।
मुख्यमंत्री ने की गीता स्थली ज्योतिसर में पूजा अर्चना
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को अब पर्याप्त स्वच्छ पेयजल मिलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। भाजपा सरकार दिल्ली में गरीबों का उत्थान करने के साथ-साथ हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को अमलीजामा पहनाएगी। इससे पहले दिल्ली के लोग पिछले कई सालों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे।
मुख्यमंत्री दिल्ली में भाजपा की जीत पर गीता स्थली ज्योतिसर में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता उपदेशों के साक्षी वट वृक्ष की मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना कर परिक्रमा की। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को जलेबी खिलाकर मुंह मीठा करवाया और दिल्ली की जीत पर जश्न मनाया।
दिल्ली चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व पर जनता की मुहर: सैनी
दिल्ली की जनता का अभिनंदन व्यक्त करते हुए सैनी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश देकर दिल्ली में कमल खिला कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, सामाजिक कल्याण की गारंटियों पर मुहर लगाई है। भाजपा दिल्ली को उसका गौरव और सम्मान वापस दिलाएगी। यह चुनाव प्रधानमंत्री के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व पर जनता की मुहर साबित है। सैनी ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने आप-दा की गलत नीतियों का जवाब देकर भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया, वो जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते।
Comments 0