हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गांरटी पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पीएम की नीतियां दिल्ली में लागू होंगी, लोगों को आयुष्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा।
कहा, अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ करेगी कदमताल
सीएम सैनी ने जलेबियां खिलाकर दिल्ली की जनता का जताया आभार, हरियाणा व महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी बंट रही जलेबियां
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गांरटी पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पीएम की नीतियां दिल्ली में लागू होंगी, लोगों को आयुष्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री सैनी रविवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ कदमताल करेगी और चुनाव में भाजपा की इस बड़ी जीत के लिए मैं दिल्ली के लोगों को शुभकामनाएं देता हूँ। दिल्ली चुनाव में लगे सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी उन्होंने बधाई दी और कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने एक कुशल संगठनकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने झूठ बोलकर लोगों को बहकाने वाले नेता से छुटकारा पाया है। अरविंद केजरीवाल ने लोगों से झूठे वायदे कर विकास के सब्जबाग दिखाएं लेकिन उन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। यमुना नदी को 2025 तक स्वच्छ करने के बार-बार सपने दिखाएं और जब वे इसे पूरा नहीं कर पाएं तो हरियाणा पर नदी में जहर मिलाने तक के झूठे आरोप लगाने लगे। दिल्ली की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर उनके झूठे वायदों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता भी आप-दा पार्टी को इसी तरह सत्ता से बाहर करेगी।
सैनी ने कहा कि दिल्ली अब विकसित भारत के साथ अपने कदमताल करेगी। यमुना रिवर फ्रन्ट को इतना सुंदर बनाया जाएगा कि लोग कर्तव्य पथ व इंडिया गेट की बजाय वहां घुमना पसंद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना को स्वच्छ करने व सौन्दर्यकरण करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर तीव्र गति से काम होगा। इसके लिए मेट्रो सेवाओं में बढ़ोतरी होगी और इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने सहित कई योजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।
स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी
सैनी ने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है, चुनाव चाहे छोटा हो या बड़ा। प्रत्येक कार्यकर्ता उसे गंभीरता से लड़ता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए है और इन चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी।*
Comments 0