राज्यपाल ने भगत सिंह साहस, त्याग और बलिदान को याद किया
राज्यपाल ने भगत सिंह साहस, त्याग और बलिदान को याद किया
खबर खास, शिमला :
शहीदी दिवस पर आज लोकभवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अमर शहीद सरदार भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को नमन किया। इस अवसर पर, राजभवन के स्टॉफ ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर, दो मिनट का मौन भी रखा गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की आज शहादत का दिन है और हम उनके सर्वाेच्च बलिदान को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और भारत की स्वतंत्रता की नींव के पत्थर बने। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राज्यपाल ने आगे कहा कि उनका शहीद भगत सिंह के परिवार से व्यक्तिगत संबंध भी रहा है, क्योंकि उन्होंने उनके दोनों भतीजों के साथ सामाजिक क्षेत्र में कार्य किया है। उन्होंने स्मरण किया कि उनके पिता फिरोजपुर में कार्यरत रहे, जिसके कारण वे प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को शहीदों की स्मृति में आयोजित मेले के अवसर पर हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाया करते थे। श्री गुप्ता ने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों की कम आयु में दी गई शहादत हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है और इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हम सभी राष्ट्र निर्माण में पूरे मनोयोग से अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लेना ही इन महान शहीदों के बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बाद में, राज्यपाल ने लोकभवन के स्टॉफ के साथ परिचय किया। उन्होंने लोकभवन की गरिमा को बनाए रखने के लिए सभी कर्मियों से पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे लोकभवन के कर्मियों के साथ हर सप्ताह संवाद करेंगे ताकि वह स्वयं स्टॉफ को किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायतों का निवारण कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे कार्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश में उनके द्वारा किए जाने वाले सामाजिक प्रकल्पों को सबके सहयोग से गति मिलेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0