डॉक्टरों ने मात्र सात मिनट में ब्रोंकोस्कोपी के जरिए निकाला एक इंच लंबा धातु का स्क्रू, मरीज को वर्षों बाद मिली राहत
डॉक्टरों ने मात्र सात मिनट में ब्रोंकोस्कोपी के जरिए निकाला एक इंच लंबा धातु का स्क्रू, मरीज को वर्षों बाद मिली राहत
खबर खास | शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) के डॉक्टरों ने एक बड़ी चिकित्सीय सफलता हासिल करते हुए एक युवक के फेफड़े में करीब तीन साल से फंसे स्क्रू को ब्रोंकोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। सिरमौर जिले के कुल्थीना निवासी 27 वर्षीय युवक लंबे समय से लगातार खांसी की समस्या से परेशान था और इसी शिकायत के साथ पल्मोनरी विभाग पहुंचा था।
विस्तृत जांच के बाद सहायक प्रोफेसर डॉ. सुरभि जग्गी ने समस्या की पहचान की और ब्रोंकोस्कोपी की मदद से मरीज के फेफड़े में फंसे लगभग एक इंच लंबे स्क्रू को सफलतापूर्वक निकाल दिया। पूरी प्रक्रिया मात्र सात मिनट में पहली ही कोशिश में पूरी कर ली गई।
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज पिछले तीन वर्षों से कई निजी और सरकारी अस्पतालों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसे सही उपचार नहीं मिल पाया। इस दौरान उसके कई टेस्ट, एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई भी कराए गए, लेकिन लगातार खांसी की असली वजह का पता नहीं चल सका।
बाद में मरीज IGMC पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स की समीक्षा की और ब्रोंकोस्कोपी जांच कराने की सलाह दी। जांच के दौरान डॉक्टरों को फेफड़े के अंदर स्क्रू फंसा हुआ मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि अब मरीज की हालत में काफी सुधार है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। डॉ. सुरभि जग्गी ने कहा कि स्क्रू को बिना किसी जटिलता के आसानी से निकाल लिया गया और मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0