बंगाल में भयमुक्त, विकासशील और भ्रष्टाचारमुक्त सरकार का जनादेश तय: मुख्यमंत्री
बंगाल में भयमुक्त, विकासशील और भ्रष्टाचारमुक्त सरकार का जनादेश तय: मुख्यमंत्री
खबर खास, पंचकूला :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में आज श्याम लाल बंसल ने मेयर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने लघु सचिवालय, पंचकूला स्थित एसडीएम कार्यालय में रिटर्निंग ऑफिसर-सह -एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
इसके उपरांत मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामलाल बंसल भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ, अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने श्री श्यामलाल बंसल और उनकी टीम, जिसने 20 वार्डों के लिए नामांकन भरा है, को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के बजाय संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करता है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का पूरा मान-सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं और श्री श्यामलाल बंसल इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर और पार्षदों के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं में अध्यक्षों और वार्ड सदस्यों के चुनाव होने हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर चुनाव में भाग लें और कमल का फूल खिलाकर प्रदेश के विकास को गति दें।
एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल इंजन सरकार तेज गति से विकास कार्य कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में उल्लेखनीय विकास हुआ है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान लिए गए 217 संकल्पों में से 63 को पूरा किया जा चुका है। गरीब परिवारों की बहनो और माताओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये मासिक दिए जा रहे हैं। आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत 27 लाख परिवारों को उपचार सहायता मिल रही है और किसानों की फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। लगभग 5700 पुलिस पदों के लिए पीएमटी आयोजित हो रहा है । इसके आलावा 9500 पदों के लिए साक्षात्कार चल रहे हैं और 13,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है। सरकार प्रदेश में तीन गुना गति से विकास कार्य करवा रही है। केवल पंचकूला में ही पिछले 11 वर्षों में अनेक विकास कार्य हुए हैं, जिनका सीधा लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल चुनावों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस उत्साह और बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया है, वह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बंगाल में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कमल खिलेगा और भारतीय जनता पार्टी की सरकार भारी बहुमत से बनेगी।
उन्होंने कहा कि अब बंगाल भी विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा और विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मतदान वर्तमान सरकार के प्रति लोगों के रोष को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल के लोगों ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भयमुक्त, विकासशील और भ्रष्टाचारमुक्त सरकार बनाने का मन बना लिया है।
नगर निगम चुनावों में कांग्रेस के एक उम्मीदवार द्वारा चुनाव न लड़ने के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन पार्टी बन चुकी है और उसके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दुष्प्रचार कर लोगों को यह भ्रमित किया कि यदि भारतीय जनता पार्टी पुनः केंद्र में आती है तो डॉ. भीमराव अंबेडकर के पवित्र संविधान को खतरा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नीचे से जमीन खिसक चुकी है और उसके प्रत्याशियों को प्रदेश की जनता के रुख का भली-भांति आभास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार और घोटालों को बढ़ावा दिया तथा झूठ की राजनीति की, जिसके कारण जनता का भरोसा उससे उठ गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0