पेंशन बकाया भुगतान, कृषि-बागवानी आयोग, नए कार्यालय व स्वास्थ्य केंद्र की घोषणाओं से 56वां राज्यत्व दिवस समारोह बना ऐतिहासिक
पेंशन बकाया भुगतान, कृषि-बागवानी आयोग, नए कार्यालय व स्वास्थ्य केंद्र की घोषणाओं से 56वां राज्यत्व दिवस समारोह बना ऐतिहासिक
खबर खास, शिमला/परागपुर (कांगड़ा) :
प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को कांगड़ा जिले के परागपुर में आयोजित 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के दौरान प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विकास, सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। यह पहला अवसर था जब पूर्ण राज्यत्व दिवस का राज्य स्तरीय समारोह प्रागपुर में आयोजित किया गया। सीएम सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर सीएम सुक्खू ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और प्रदेश के पहले सीएम डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा के लिए राज्य में कृषि एवं बागवानी आयोग गठित करने की घोषणा की और कहा कि इसके लिए आगामी बजट सत्र में विधेयक लाया जाएगा।
सीएम सुक्खू ने जसवां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रागपुर में एसडीएम कार्यालय तथा नल्सूहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस माह 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनधारकों के लंबित बकाया का पूर्ण भुगतान किया जाएगा, जिस पर लगभग 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा, 2016 से 2021 के बीच सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ग्रेच्युटी के 50 प्रतिशत और लीव एनकैशमेंट के 70 प्रतिशत बकाया का भुगतान जनवरी में किया जाएगा।
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार ‘समृद्ध हिमाचल विजन’ नामक एक व्यापक दस्तावेज तैयार कर रही है, जो अब अंतिम चरण में है। यह दस्तावेज पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रतिरोधक क्षमता और समावेशी विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदानों और वित्तीय चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार ने राजस्व बढ़ाया है और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती की है। सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि सरकार राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और ‘द व्हाइट ट्रुथ’ वेब सीरीज का विमोचन भी किया गया। सीएम सुक्खू ने परेड और सांस्कृतिक दलों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0