गंगटोक में गोल्डन जुबली का भव्य जश्न, पूर्वोत्तर को बताया ‘अष्टलक्ष्मी’
गंगटोक में गोल्डन जुबली का भव्य जश्न, पूर्वोत्तर को बताया ‘अष्टलक्ष्मी’
खबर खास | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेते हुए राज्य को विकास की बड़ी सौगात दी। गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब ₹4000 करोड़ की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस खास मौके पर पूरा शहर जश्न में डूबा नजर आया, जहां स्थानीय लोगों में भारी उत्साह और गर्व देखने को मिला।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश की “अष्टलक्ष्मी” बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत की प्रगति का मजबूत आधार है और सिक्किम इसमें अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में पूर्वोत्तर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और अब “Act East” से आगे बढ़ते हुए “Act Fast” की नीति पर तेजी से काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया। उन्होंने गंगटोक में मिले स्नेह और स्वागत को बेहद ऊर्जावान और अविस्मरणीय बताया। उन्होंने सिक्किम के लोगों को राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य ने विकास, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक समृद्धि के क्षेत्र में देश के लिए मिसाल पेश की है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने गंगटोक स्थित प्रसिद्ध ऑर्किडेरियम का भी दौरा किया। उन्होंने इसकी प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि यह सिक्किम की जैव विविधता और प्रकृति के साथ उसके संतुलन को दर्शाता है। उन्होंने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में सिक्किम विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
समारोह में पारंपरिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी खास बना दिया, जिससे सिक्किम की समृद्ध विरासत और आधुनिक विकास का अनूठा संगम देखने को मिला।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0