केजरीवाल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बांटी ‘मेरी रसोई’ किट; हर पात्र सदस्य को हर महीने मिलेगा 5 किलो मुफ्त गेहूं, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
केजरीवाल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बांटी ‘मेरी रसोई’ किट; हर पात्र सदस्य को हर महीने मिलेगा 5 किलो मुफ्त गेहूं, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
खबर खास | मोगा
पंजाब में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को मोगा में आयोजित ‘खुशहाल पंजाब रैली’ के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 लाख नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं की मौजूदगी में नए लाभार्थियों को ‘मेरी रसोई’ राशन किट वितरित की गईं। सरकार के इस कदम से राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों को अतिरिक्त खाद्य सहायता मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि नए राशन कार्ड जारी करने के लिए सरकार ने विशेष अभियान चलाया और पूरी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से पूरा किया गया। उनका कहना था कि पात्र परिवारों की पहचान में किसी प्रकार की रिश्वत, सिफारिश या राजनीतिक दखल को जगह नहीं दी गई। सरकार ने निष्पक्ष अंक प्रणाली और डिजिटल आंकड़ों के आधार पर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का चयन किया है, ताकि सरकारी सहायता सही लोगों तक पहुंच सके।
मान ने बताया कि जुलाई में शुरू हुए अभियान के दौरान 19.25 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। लोगों ने सेवा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने आवेदन जमा करवाए। इसके बाद जिला प्रशासन ने घर-घर जाकर आवेदकों का सत्यापन किया और निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र परिवारों की सूची तैयार की।
नए राशन कार्ड धारकों को मिलने वाली ‘मेरी रसोई’ किट में दो किलो दालें, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रत्येक पात्र सदस्य को हर महीने पांच किलो मुफ्त गेहूं भी दिया जाएगा। इसके लिए परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी होना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत पंजाब में वर्तमान में 39.73 लाख परिवारों के 1.36 करोड़ लोग राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। नए चयनित परिवारों के राशन कार्डों को ऑनलाइन वितरण प्रणाली से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
लाभार्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के जरिए चयन की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा आईवीआरएस संदेश और पत्र भी भेजे जा रहे हैं। आवेदक अपने आवेदन नंबर के माध्यम से संबंधित पोर्टल पर जाकर आवेदन की स्थिति जांच सकते हैं।
मान ने सभी नए लाभार्थियों से जल्द से जल्द नजदीकी राशन डिपो पर पहुंचकर ई-केवाईसी पूरी करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र और जरूरतमंद परिवार खाद्य सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026
Comments 0