हरियाणा के 7 एनसीआर शहरों में 875 ई-बसें चलाने की तैयारी, 375 बसों की खरीद के आदेश जारी; गुरुग्राम और फरीदाबाद को मिलेंगी सबसे ज्यादा बसें
हरियाणा के 7 एनसीआर शहरों में 875 ई-बसें चलाने की तैयारी, 375 बसों की खरीद के आदेश जारी; गुरुग्राम और फरीदाबाद को मिलेंगी सबसे ज्यादा बसें
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश के सात प्रमुख शहरों में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत इस योजना पर काम जारी है।
योजना के मुताबिक गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, मानेसर, करनाल, पानीपत और रोहतक में कुल 875 ई-बसें चलाने का प्रस्ताव है। हालांकि जून तक इन शहरों में सिर्फ 70 ई-बसें ही सड़कों पर उतर पाई थीं। अब सरकार चरणबद्ध तरीके से नई बसों की खरीद और संचालन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। करीब 375 ई-बसों की खरीद के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
वर्तमान जरूरत की बात करें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे ज्यादा 300-300 ई-बसों की आवश्यकता बताई गई है। सोनीपत में 130, करनाल में 45, रोहतक में 30 और पानीपत में भी अतिरिक्त बसों की जरूरत है। जून तक सोनीपत में 15, करनाल में 5, पानीपत में 45 और रोहतक में 5 ई-बसें संचालित हो रही थीं।
सरकार ने कई शहरों के लिए नई बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए 100-100 बसों के खरीद आदेश हो चुके हैं। इसके अलावा सोनीपत के लिए 45, करनाल के लिए 50, पानीपत के लिए 45 और रोहतक के लिए 35 ई-बसें खरीदी जाएंगी।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा है कि ई-बसों की खरीद चरणवार तरीके से की जाएगी। बजट में भी इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को लेकर घोषणा की गई थी और उस दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि ई-बसों के बढ़ते संचालन से न केवल प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि एनसीआर के शहरों में लोगों को सुविधाजनक, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन भी उपलब्ध होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0