महाराष्ट्र में विकास, सुशासन और सशक्त नेतृत्व के भरोसे की जीत हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव नतीजों पर ये प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों राज्यों की जनता ने कांग्रेस पार्टी को नकार दिया है जबकि महाराष्ट्र की देवतुल्य जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए महायुति को सत्ता की चाबी सौंपी है।
खबर खास, शिमला :
'महाराष्ट्र में विकास, सुशासन और सशक्त नेतृत्व के भरोसे की जीत हुई है।' यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का। महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव नतीजों पर ये प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ने कहा कि दोनों राज्यों की जनता ने कांग्रेस पार्टी को नकार दिया है जबकि महाराष्ट्र की देवतुल्य जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए महायुति को सत्ता की चाबी सौंपी है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा-महायुति गठबंधन की ऐतिहासिक जीत होने पर मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं भाजपा और महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई देता हूँ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से भाजपा-महायुति ने महाराष्ट्र के समग्र विकास एवं जनता की आकांक्षाओं को प्राथमिकता से पूरा करने हेतु अहम भूमिका निभाई है और अब फिर से सत्ता में आकर अपने विकासरथ को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की तरह महाराष्ट्र की जनता ने भी कांग्रेस की झूठी गारंटियों को न मानते हुए केवल डबल इंजन की सरकार को ही प्राथमिकता दी है ताकि विकास निरंतर होता रहे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र प्रचार के दौरान ही जनता के जोश और समर्थन से तय हो गया था कि जनता केंद्र सरकार के साथ चलना चाह रही है। मुझे भी पार्टी ने कुछ स्थानों पर प्रचार के लिए भेजा और हमने कांग्रेस की झूठी गारंटियों से हिमाचल प्रदेश की आज जो हालत हुई है उसके बारे अपनी बात रखी। आज कांग्रेस महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य में सबसे कम सीटें जीतने वाली पार्टी रह गई है।
देश की जनता केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दी हुई गारंटी पर भरोसा करती है और उनके नेतृत्व में ही आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने महाराष्ट्र में शानदार प्रदर्शन के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी बधाई दी है।
Comments 0