किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू में बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू में बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
खबर खास, शिमला :
हिमाचल की राजधानी शिमला, कुफरी समेत प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर दोबारा बर्फबारी शुरू हो गई है। आज, शिमला और कुफरी में ताजा हिमपात हुआ। इसके अलावा किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर बर्फ की चादर लिपट चुकी है। मौसम विभाग ने इन चारों जिलों में कल सुबह तक भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट दे रखा है। कुफरी और नारकंडा में भी बीच-बीच में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।
चंबा के भरमौर में 6 इंच, स्पीति में 1 इंच, रोहतांग में 4 इंच ताजा बर्फ गिर चुकी है। वहीं स्नोफॉल के साथ आज बर्फीले तूफान, शीतलहर और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों की यात्राएं टालने की सलाह दी गई है और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
शिमला में भी बूंदाबांदी शुरू हो गई है और बीच बीच में तेज तूफान भी चल रहा है। शीतलहर चलने से अचानक ठंड में इजाफा हुआ है। शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर व सोलन जिला के अधिक ऊंचे भागों में भी बर्फ और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान तेज बारिश हो सकती है। उधर, मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कुल्लू की उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने आज मनाली और बंजार सब डिवीजन के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का निर्णय लिया है।
वहीं, मौसम विभाग की मानें तो लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में आज 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इसी तरह, 10 जिलों में आज शीतलहर का भी यलो अलर्ट दिया गया है। इससे तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी। ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिला में कल ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है।
कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इससे 28 व 29 जनवरी को ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। निचले इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 30 जनवरी को मौसम पूरे प्रदेश में साफ हो जाएगा। 31 जनवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे एक फरवरी तक अच्छी बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
(फोटो : प्रदीप कुमार)
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0