मृतकों में तीन बच्चे व दो महिलाएं शामिल, नींद में ही आए आग की चपेट में
मृतकों में तीन बच्चे व दो महिलाएं शामिल, नींद में ही आए आग की चपेट में
खबर खास, शिमला :
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बीती देर रात एक घर में लगी भीषण आग से छह लोग जिंदा जल गए। जबकि एक शख्स को घायल अवस्था में बचाया गया है। उसे सोलन के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है। मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताया है।
सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह हादसा नौहराधार के तलांगना गांव में आधी रात को तीन बजे के करीब पेश आया। घर में कुल सात लोग मौजूद थे, जिनमें से छह की मौत नींद में ही हो गई। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से भड़की जिसके बाद घर पर रखा एलपीजी सिलेंडर उसकी चपेट में आया और धमाका हो गया। इसके बाद आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में कुछ पालतू मवेशी भी जिंदा जले हैं। जिस घर में आग लगी वह मोहन लाल का घर बताया जा रहा है। सभी मारे गए लोग मोहन लाल के घर बतौर मेहमान आए थे और हादसे का शिकार हो गए। मृतकों की पहचान राजगढ़ के टपरोली निवासी नरेश, उनकी पत्नी तृप्ता, चौपाल के खुमड़ा निवासी कविता, उनकी दो बेटियां सारिका और कृतिका और बेटा कृतिक के तौर पर हुई है। तृप्ता के पति लोकेंद्र इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जिस जगह यह हादसा हुआ वह अति दुर्गम क्षेत्र बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंडूरी के गांव तलांगना में बीती रात भीषण आग लगने की दुःखद घटना में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना के कारणों की गंभीरता से जांच करने भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0