व्यापार विस्तार, तकनीकी सहयोग और कुशल मानव संसाधन पर विशेष जोर
व्यापार विस्तार, तकनीकी सहयोग और कुशल मानव संसाधन पर विशेष जोर
ख़बर ख़ास,हरियाणा :
हरियाणा के सीएम सैनी ने रूसी संघ के भारत में राजदूत डेनिस अलीपोव से चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान हरियाणा और रूस के बीच सहयोग को और मजबूत करने तथा नए अवसरों की तलाश पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत और भरोसेमंद संबंधों की समीक्षा के साथ हुई। दोनों पक्षों ने राज्य स्तर पर सहयोग बढ़ाने को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। बैठक में हरियाणा से रूस को निर्यात बढ़ाने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
सीएम ने हरियाणा की आईटी, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, एग्रो-प्रोसेसिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में मजबूती को उजागर करते हुए कहा कि राज्य रूसी बाजार की जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है। दोनों पक्षों ने व्यापार प्रक्रियाओं को सरल बनाने, लॉजिस्टिक चुनौतियों को दूर करने और बाजार तक पहुंच बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया।
बैठक में बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग को बढ़ावा देने, उद्योग प्रतिनिधियों के आदान-प्रदान और संयुक्त व्यापार मंचों के आयोजन पर भी सहमति बनी, जिससे दोनों देशों की कंपनियों को सहयोग और निवेश के नए अवसर मिलेंगे।
राजदूत डेनिस अलीपोव ने हरियाणा के एमएसएमई सेक्टर की सराहना करते हुए इसे औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का प्रमुख आधार बताया। उन्होंने राज्य की कुशल कार्यबल की भी प्रशंसा की और कहा कि यह भविष्य में आर्थिक सहयोग को और मजबूत करेगा।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा हुई। सीएम ने हरियाणा के तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम को रेखांकित करते हुए रूसी संस्थानों को इसमें भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
इसके अलावा, कुशल मानव संसाधन के आदान-प्रदान, शैक्षणिक सहयोग और छात्र विनिमय कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के बीच साझेदारी को मजबूत करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
सीएम ने हरियाणा में निवेश के लिए अनुकूल माहौल, मजबूत बुनियादी ढांचे और प्रगतिशील नीतियों का उल्लेख करते हुए रूसी कंपनियों को राज्य के विकास में भागीदारी का निमंत्रण दिया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी राजेश खुल्लर, अमनीत पी कुमार और पवन कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0