विस में गूंजा आउटसोर्स का मुद्दा
विस में गूंजा आउटसोर्स का मुद्दा
खबर खास, शिमला :
हिमाचल विधानसभा में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को 40 हजार 461 करोड़ का सप्लीमेंट्री बजट पेश किया। सीएम सुक्खू ने सदन में अनुपूरक मांगें रखीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विनियोग विधेयक 2026 को सदन में पेश किया। इसके बाद संबंधित विधेयक ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
पारित बजट अनुमानों से ज्यादा धन की जरूरत होने पर अनुपूरक बजट में सबसे अधिक वेज एंड मींस और ओवर ड्राफ्ट के लिए 26 हजार 194 करोड़ का प्रावधान करना पड़ा है। वेज एंड मींस ऐसी सुविधा है, जो सरकार को आरबीआई से उधार लेने की अनुमति देती है।
सीएम ने पिछले साल, 17 मार्च 2025 को 2025-26 के लिए 58 हजार 514 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। सरकार द्वारा इस बार पेश किया गया सप्लीमेंट्री बजट पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले लगभग ढाई गुना अधिक है। बीते वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री ने 17 हजार 53 करोड़ का सप्लीमेंट्री बजट पेश किया था।
सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य में 400 एमबीबीएस डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसके बाद अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी। सुंदरनगर से बीजेपी विधायक राकेश जम्वाल के सवाल के जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि छह महीने में किसी भी पीएचसी में स्टाफ की कमी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर हम मेडिकल टूरिज्म की तरफ बढ़ेंगे। मेडिकल कॉलेजों में भी स्टाफ की कमी पूरी की जाएगी, जरूरत के हिसाब से रेशनेलाइजेशन भी किया जाएगा। सरकार मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के 100 पद भरने जा रही है। राज्य चयन आयोग के माध्यम से इन पदों को भरा जाएगा।
सीएम ने कहा कि वॉक इन इंटरव्यू की जगह लिखित परीक्षा से ही पद भरे जाएंगे। सिफारिश की गुंजाइश खत्म करने के लिए वॉक इन इंटरव्यू खत्म किए गए हैं। स्टाफ नर्स के खाली पदों को भी भर रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट की कमी को भी पूरा किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि, पशु मित्रों की भर्ती पशुपालन विभाग के अंतर्गत होगी। इनकी सेवाएं ठेकेदार के अधीन नहीं रहेगी। पशु मित्रों को 5000 रुपए मानदेय मिलेगा।
विस में गूंजा आउटसोर्स का मुद्दा
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों का मुद्दा गूंजा। करसोग से बीजेपी विधायक दीपराज ने आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ा सवाल पूछ रखा था। मगर, सरकार ने पूरी जानकारी नहीं होने की वजह से इसका पूरा जवाब नहीं दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आउटसोर्स एजेंसियां कांग्रेस नेताओं की है। कांग्रेस नेता नौकरी देने के नाम पर पैसे मांग रहे हैं। इस पर सीएम सुक्खू ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष के पास सबूत है तो सदन में दें और यदि झूठ बोला गया तो उनके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाएगा।
वहीं, बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा के विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में आक्रोष रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष ने सरकार पर वन माफिया सक्रिय होने के आरोप लगाए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0