पंजाबी सिनेमा में ऐतिहासिक पल—दिवंगत कॉमेडी लीजेंड जसविंदर भल्ला VFX के जरिए बड़े पर्दे पर फिर आए नजर
पंजाबी सिनेमा में ऐतिहासिक पल—दिवंगत कॉमेडी लीजेंड जसविंदर भल्ला VFX के जरिए बड़े पर्दे पर फिर आए नजर
ख़बर ख़ास, फिल्म :
फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' का टीज़र रिलीज होते ही पंजाबी सिनेमा के दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस टीज़र की सबसे खास बात यह है कि इसमें दिग्गज कॉमेडी कलाकार जसविंदर भल्ला की खास झलक दिखाई गई है, जो इस फिल्म के जरिए एक बार फिर दर्शकों के दिलों में जिंदा हो उठे हैं।
जसविंदर भल्ला अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और यादगार अभिनय के लिए जाने जाते थे और आज भी पंजाबी मनोरंजन जगत के सबसे प्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही उनका निधन हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्दे पर वापस लाने की कोशिश ने सभी को भावुक कर दिया है।
फिल्म के लीड एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि भल्ला उनके लिए सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि परिवार और मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए उन्हें दोबारा बनाना नहीं, बल्कि उनके योगदान और यादों का जश्न मनाना मकसद है। उनकी हंसी, ऊर्जा और आत्मा आज भी टीम के साथ मौजूद है।
फिल्म में जसविंदर भल्ला की मौजूदगी को दिखाने के लिए एडवांस VFX और CGI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया में करीब छह महीने का समय लगा, जिसमें उनकी पुरानी फिल्मों की फुटेज को सावधानीपूर्वक स्कैन और प्रोसेस किया गया, ताकि उनका चित्रण बिल्कुल असली और सम्मानजनक लगे। यह उपलब्धि सिनेमा इतिहास में एक अनोखा और संभवतः पहली बार हुआ प्रयोग माना जा रहा है।
फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल के साथसरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों, करमजीत अनमोल, शिंदा ग्रेवाल, जैस्मिन बाजवा और स्वीटाज बराड़ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
विनम्र मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण गिप्पी ग्रेवाल और रवनीत कौर ग्रेवाल ने किया है। कैरी ऑन जट्टा 4 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नॉस्टेल्जिया, इमोशन और नई तकनीक का शानदार मेल यह फिल्म दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने वाली है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0