MCX पर 19 जनवरी को चांदी ₹3.02 लाख प्रति किलो पहुंची, बाजार में तेजी जारी
MCX पर 19 जनवरी को चांदी ₹3.02 लाख प्रति किलो पहुंची, बाजार में तेजी जारी
ख़बर ख़ास, देश :
चांदी के दामों ने इतिहास रच दिया है। 19 जनवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी पहली बार ₹3 लाख प्रति किलो के पार पहुंच गई। कारोबार के दौरान चांदी का भाव ₹3.02 लाख प्रति किलो के स्तर तक पहुंचा। इसमें एक ही दिन में ₹15 हजार से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को MCX पर चांदी करीब ₹2.87 लाख प्रति किलो पर बंद हुई थी।
बीते एक महीने में चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली है। करीब एक महीने पहले, 15 दिसंबर 2025 के आसपास चांदी पहली बार ₹2 लाख प्रति किलो के स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद महज 30 दिनों के भीतर चांदी ने ₹1 लाख की छलांग लगाते हुए ₹3 लाख का आंकड़ा पार कर लिया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तेजी चांदी के इतिहास में सबसे तेज उछालों में से एक मानी जा रही है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी का यह सफर बेहद दिलचस्प रहा है। ₹50 हजार से ₹1 लाख प्रति किलो तक पहुंचने में चांदी को करीब 14 साल का लंबा समय लगा था। इसके बाद ₹1 लाख से ₹2 लाख का सफर तय करने में करीब 9 महीने लगे, जबकि ₹2 लाख से ₹3 लाख तक पहुंचने में सिर्फ एक महीना ही लगा। यह आंकड़े बताते हैं कि हाल के महीनों में चांदी की मांग और निवेशकों का रुझान तेजी से बढ़ा है।
बाजार जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती, औद्योगिक मांग में इजाफा, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों का सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर झुकाव चांदी की कीमतों को सहारा दे रहा है। इसके अलावा डॉलर में उतार-चढ़ाव और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता भी कीमती धातुओं की कीमतों पर असर डाल रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर मौजूदा रुझान बरकरार रहता है तो 2026 में चांदी के दाम ₹4 लाख प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल चांदी की यह रिकॉर्ड तेजी निवेश और सर्राफा बाजार दोनों के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0