रेफर मरीज को डीएमसी लुधियाना ले जा रही थी एंबुलेंस
रेफर मरीज को डीएमसी लुधियाना ले जा रही थी एंबुलेंस
खबर खास, ऊना :
हिमाचल-पंजाब सीमा पर ऊना जिले में चिंतपूर्णी-होशियारपुर मार्ग पर शनिवार सुबह एक एंबुलेंस हादसाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। यह एंबुलेंस एक रेफर मरीज को डीएमसी लुधियाना लेकर जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने इस हादसे पर शोक जताया है।
पुलिस के मुताबिक कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया था। इस मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस पंजाब के मंगूवाल में अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और पुलिस के पहुंचने पर घायलों को खाई से निकाला। इन लोगों को होशियारपुर के अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक इनकी जान जा चुकी थी। मृतकों में नगरोटा बगवां के पठियार निवासी संजीव कुमार, ओंकार चंद और रमेश चंद शामिल हैं। जबकि घायल एम्बुलेंस ड्राइवर बॉबी और रेणु नाम की महिला को सिविल अस्पताल होशियारपुर में भर्ती किया गया
इस हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0