चालक को झपकी आने की आशंका, टक्कर के बाद पलटा ट्रक; छह गंभीर यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, कई यात्री बाल-बाल बचे
चालक को झपकी आने की आशंका, टक्कर के बाद पलटा ट्रक; छह गंभीर यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, कई यात्री बाल-बाल बचे
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया।
हादसा रात करीब 1:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस जैसे ही आगे चल रहे ट्रक के करीब पहुंची, अचानक पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सीएचसी बाजार शुकुल ले जाया गया, जहां 16 यात्रियों का प्राथमिक उपचार किया गया। मामूली चोट वाले 11 यात्रियों को उपचार के बाद दवा देकर घर भेज दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया।
घायलों में बस चालक संजय सिंह (56) निवासी रामपुर, आजमगढ़, जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35) निवासी शिवपुर, बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42) निवासी हरदोई, किशन कुमार (29) निवासी चुल्लूपार, गोरखपुर, श्वेता पांडे (46) निवासी अलीगंज, लखनऊ और कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य यात्री शामिल हैं। संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया।
हादसे के बाद यात्रियों ने बताया कि बस में कई लोग सो रहे थे। यात्री दिलशाद के मुताबिक, वह उस समय जाग रहे थे और उन्हें लगा कि चालक को झपकी आ गई थी। इसी वजह से बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस हादसे के बीच घायल आफरीन बानो की चिंता ने अस्पताल में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। आफरीन की रविवार सुबह 9:15 बजे लखनऊ से सऊदी अरब की उड़ान थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास जा रही थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद भी वह बार-बार यही पूछ रही थीं कि क्या वह अपने पति के पास पहुंच पाएंगी। हादसे ने उनकी इस यात्रा को कुछ समय के लिए अनिश्चितता में डाल दिया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0