हीटवेव का अलर्ट, अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी तपिश
हीटवेव का अलर्ट, अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी तपिश
ख़बर ख़ास, देश :
उत्तर भारत में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और तापमान में लगातार बढ़ोतरी से लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में इन दिनों मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, जिससे सुबह से ही तेज धूप और दोपहर तक झुलसाने वाली गर्मी महसूस हो रही है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 5 से 6 दिनों में पारा 44 से 45 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल बारिश या बादलों के कोई संकेत नहीं हैं। सभी जिले ग्रीन ज़ोन में हैं, लेकिन इसके बावजूद बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। आज भी प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।
वहीं राजस्थान में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं, जहां कई जगहों पर तापमान पहले ही 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है। दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में मौसम थोड़ा राहत भरा रह सकता है, जहां गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की हिदायत दी जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0