फाइनल में जापान की चिसातो योशिदा से 5-3 से हारीं, भाखलाना गांव में मिठाइयां बांटकर परिवार और ग्रामीणों ने मनाया जश्न
फाइनल में जापान की चिसातो योशिदा से 5-3 से हारीं, भाखलाना गांव में मिठाइयां बांटकर परिवार और ग्रामीणों ने मनाया जश्न
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा की धरती की बेटी तानू शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीत लिया है। स्लोवाकिया में चल रही U20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में तानू ने महिलाओं के 72 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। फाइनल में उनका मुकाबला जापान की चिसातो योशिदा से हुआ, जहां उन्हें 5-3 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि गोल्ड से चूकने के बावजूद तानू की इस उपलब्धि ने उनके गांव भाखलाना समेत पूरे हरियाणा को गौरवान्वित कर दिया।
पदक जीतने के बाद तानू ने कहा कि वह हरियाणा के छोटे से गांव भाखलाना से आती हैं और विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतकर बेहद खुश हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान, परिवार और भारतीय कुश्ती महासंघ को दिया। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि गोल्ड से चूकना उन्हें रोकने वाला नहीं है। तानू ने कहा कि अगली बार वह स्वर्ण पदक जीतकर देश को और गर्व महसूस कराएंगी।
तानू की जीत की खबर गांव पहुंचते ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। पिता वीरेंद्र शास्त्री, मां सुमन लता, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। पिता ने बताया कि तानू को बचपन से ही खेलों का शौक था। वह अपने चचेरे भाई-बहनों के साथ खेलती थीं और अक्सर अपनी उम्र के बच्चों को हरा देती थीं।
तानू के चाचा और पूर्व भारतीय सेना कर्मी नरेंद्र शर्मा ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें कुश्ती में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पिता ने उन्हें कोच संजय सिया की अकादमी में दाखिला दिलाया। आगे चलकर तानू को हिसार स्थित SAI स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण का मौका मिला।
तानू इससे पहले खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी पदक जीत चुकी हैं। चेन्नई में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया था। मां सुमन लता ने बताया कि तानू की तैयारी के दौरान दूध, दही, जूस और बादाम उनके नियमित आहार का हिस्सा रहे। अब पूरा गांव अपनी इस बेटी के घर लौटने का इंतजार कर रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0