पुलिस स्थानीय संदिग्धों से कर रही पूछताछ, हमलावरों के बांग्लादेश सीमा की ओर भागने की आशंका; फर्जी नंबर प्लेट एंगल की जांच जारी
पुलिस स्थानीय संदिग्धों से कर रही पूछताछ, हमलावरों के बांग्लादेश सीमा की ओर भागने की आशंका; फर्जी नंबर प्लेट एंगल की जांच जारी
खबर खास | कोलकाता
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार देर रात बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
यह हमला रात करीब 10:30 बजे उस समय हुआ जब रथ कोलकाता से एसयूवी वाहन में अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, डोलतला और मध्यमग्राम के बीच पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
इसके तुरंत बाद मोटरसाइकिल पर सवार एक हमलावर वाहन के बाईं ओर से आया और एसयूवी पर 6 से 10 राउंड फायरिंग कर दी। गाड़ी में ड्राइवर के बगल में बैठे रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो उनके सीने और एक पेट में लगी। चालक बुद्धदेव बेरा भी घायल हुए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हमले के बाद आरोपी कार छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हमलावरों ने क्लोन यानी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था। जिस वाहन का नंबर इस्तेमाल हुआ, उसका असली रजिस्ट्रेशन सिलीगुड़ी का है। वाहन मालिक ने बताया कि उसने करीब दो सप्ताह पहले अपनी कार ऑनलाइन बिक्री के लिए डाली थी, जिसके बाद नंबर प्लेट की कॉपी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों को हिरासत में लिया है, हालांकि मुख्य हमलावर अभी भी फरार हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद भारत-बांग्लादेश सीमा की ओर भाग निकले।
बीजेपी ने इस हत्या के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0