इम्तियाज अली की फिल्म में शरवरी ने निभाया अहम किरदार, 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
इम्तियाज अली की फिल्म में शरवरी ने निभाया अहम किरदार, 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
खबर खास | मुंबई
अभिनेत्री शरवरी ने अपनी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को अपने दिल के बेहद करीब बताया है। फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि प्यार, इंतजार और यादों की ऐसी यात्रा है जो समय और सीमाओं से परे जाकर दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ती है।
शरवरी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें साझा कीं और बताया कि जब उन्होंने पहली बार इसकी स्क्रिप्ट पढ़ी थी, तभी से इस कहानी ने उनके दिल में खास जगह बना ली थी। उन्होंने कहा कि फिल्म में उनके किरदार ‘जिया’ को निभाना उनके लिए एक बेहद खास और यादगार अनुभव रहा।
अपने पोस्ट में शरवरी ने लिखा कि ‘मैं वापस आऊंगा’ की सबसे बड़ी खूबी इसकी सच्ची और भावनात्मक कहानी है। यह फिल्म प्रेम, बिछड़ने के दर्द और उन यादों की कहानी कहती है जो समय बीतने के बाद भी लोगों के दिलों में जिंदा रहती हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है और वह इसे दुनिया भर के दर्शकों के साथ साझा करने को लेकर उत्साहित हैं।
शेयर की गई तस्वीरों में शरवरी अभिनेता वेदांग रैना के साथ नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में दोनों अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकते दिखाई देते हैं, जबकि एक अन्य तस्वीर में शरवरी पंजाब के मशहूर कुलचा-छोले का आनंद लेती नजर आती हैं। तस्वीरों में फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली भी शूटिंग के दौरान दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म में शरवरी ने अफसाना/जिया का किरदार निभाया है, जो कहानी का भावनात्मक केंद्र है। यह एक क्रॉस-जनरेशन प्रेम कहानी है, जिसकी पृष्ठभूमि 1947 के भारत विभाजन से जुड़ी हुई है। फिल्म दो अलग-अलग समय-काल में आगे बढ़ती है और रिश्तों, बिछड़न तथा पुनर्मिलन की भावनाओं को दर्शाती है।
‘मैं वापस आऊंगा’ में शरवरी के अलावा दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और वेदांग रैना भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0