कुलदीप सिंह ढालीवाल बोले— पाकिस्तान-बांग्लादेश से जुड़े नेटवर्क ने दी थीं बम धमकियां, लोगों से घबराने की जरूरत नहीं
कुलदीप सिंह ढालीवाल बोले— पाकिस्तान-बांग्लादेश से जुड़े नेटवर्क ने दी थीं बम धमकियां, लोगों से घबराने की जरूरत नहीं
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस द्वारा एक बड़े साइबर आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने और उसके मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार करने पर सराहना की। अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आप के पंजाब मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह ढालीवाल ने कहा कि यह गिरफ्तारी हाल के दिनों में पंजाब सचिवालय, विधानसभा और श्री दरबार साहिब को उड़ाने की धमकियों से जुड़े मामले में बड़ी सफलता है।
ढालीवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 30 वर्षीय व्यक्ति है, जिसके पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य क्षेत्रों में संपर्क थे। वह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा था, जो ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में दहशत फैलाने का काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि साइबर आतंकवाद एक उभरती हुई और जटिल चुनौती है, क्योंकि अपराधी दुनिया के किसी भी कोने से बैठकर इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।
पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए ढालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे आतंक फैलाने का तरीका पारंपरिक हो या डिजिटल, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और राज्य सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है और बड़े तस्करों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है, जो पहले संभव नहीं हो पाया था।
ढालीवाल ने केंद्र सरकार से अपील की कि पंजाब की 500 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा को ध्यान में रखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को आधुनिक एंटी-ड्रोन तकनीक और अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे सीमा पार से होने वाली तस्करी और आतंकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0