PSEB चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने विद्यार्थियों से अंकों को लेकर घबराने से बचने की अपील की, कहा — परीक्षा जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है।
PSEB चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने विद्यार्थियों से अंकों को लेकर घबराने से बचने की अपील की, कहा — परीक्षा जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है।
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, 10वीं कक्षा का रिजल्ट 11 मई को जारी किया जाएगा, जबकि 12वीं कक्षा का परिणाम 13 मई को घोषित होगा। इसके साथ ही राज्यभर के लगभग 5.49 लाख विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो जाएगा।
शिक्षा विभाग ने बताया कि रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यार्थी अपने रोल नंबर और नाम की मदद से PSEB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।
PSEB चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने विद्यार्थियों के लिए 9549-161-161 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों के अंक कम आएं या जो परीक्षा में असफल हो जाएं, उन्हें निराश होने या हिम्मत हारने की जरूरत नहीं है।
इस वर्ष लगभग 2.84 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी थी, जबकि करीब 2.65 लाख विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा में हिस्सा लिया। 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 1 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 4 अप्रैल के बीच हुई थीं।
अपने वीडियो संदेश में डॉ. अमरपाल सिंह ने विद्यार्थियों को सकारात्मक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मार्कशीट जीवन में सफलता का अंतिम पैमाना नहीं होती। परीक्षा के परिणाम केवल भविष्य के अवसरों की ओर बढ़ने का एक कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत पर भरोसा रखने और आत्मविश्वास कभी न खोने की अपील की।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0