जींद से दौड़ी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को दी ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
जींद से दौड़ी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को दी ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा के जींद से शुक्रवार को देश के रेलवे इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और ₹14,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों, बहन-बेटियों और समाज के हर वर्ग के लिए बेहतरीन काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर चलते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिना खर्ची-पर्ची सरकारी नौकरी देने का जो रास्ता हरियाणा सरकार ने दिखाया है, वह आसान नहीं था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे सफलतापूर्वक लागू कर पारदर्शी और ईमानदार शासन का नया उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा तेज़ गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जहां खेती और उद्योग राज्य की प्रगति के दो मजबूत पहिए बन चुके हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जींद से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि यहां का घी और घेवर आज भी पहले जैसा है, लेकिन अब "जींद के तेवर बदल गए हैं।" उन्होंने कहा कि आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन और विकास मॉडल की पहचान बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भारत की तकनीकी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली और सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन है। 10 कोच वाली इस ट्रेन को भारतीय इंजीनियरों ने डिज़ाइन किया है और इसे पूरी तरह 'मेक इन इंडिया' के तहत तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हाइड्रोजन तकनीक से जुड़े उद्योग विकसित होंगे, जिससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग, अंबाला-कालाअंब फोरलेन सहित कई बड़ी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही दो नए मेडिकल कॉलेज भी राज्य को समर्पित किए गए। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से घरों की चाबियां भी सौंपी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल, कृषि, आधुनिक बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर केंद्रित विकास मॉडल हरियाणा को नई पहचान दिला रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक की तैयारियों के लिए प्रेरित करते हुए भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार हरियाणा को विकास, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0