प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस और स्लोवाकिया की दो देशों की आधिकारिक यात्रा शुरू कर दी है, जहां वे G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और नवाचार व तकनीक से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य रक्षा, रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करना बताया गया है।
ख़बर ख़ास | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की दो देशों की यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी बातचीत में रक्षा सहयोग प्रमुख विषय रहने की उम्मीद है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत प्रमुख समुद्री क्षेत्रों में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी सैन्य क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।
यात्रा से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संदेश साझा करते हुए कहा कि इस दौरे में द्विपक्षीय वार्ताएं, बहुपक्षीय बैठकें और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और यूरोपीय साझेदारों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करना है।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा फ्रांस के नीस शहर से शुरू होगी, जहां वे राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘इंडिया इनोवेट्स’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दोनों देशों के इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स और टेक्नोलॉजी लीडर्स शामिल होंगे।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि वे नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी और रक्षा व तकनीक सहित नए सहयोग क्षेत्रों पर चर्चा होगी।
राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर पीएम मोदी 13-14 जून को नीस में आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे, जहां दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री 16-17 जून को फ्रांस लौटकर इवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे G7 देशों, साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 18 जून को पेरिस जाएंगे, जहां वे कई द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगे और यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट विवाटेक शिखर सम्मेलन में शामिल होकर भारत के बढ़ते इनोवेशन इकोसिस्टम को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
Comments 0