25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन, अधूरी पढ़ाई पूरी करने का सुनहरा मौका
25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन, अधूरी पढ़ाई पूरी करने का सुनहरा मौका
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने 2010 के बाद बोर्ड परीक्षाओं में असफल रहे छात्रों को विशेष अवसर (स्पेशल मर्सी चांस) देने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल के तहत वे छात्र, जो पिछले कई वर्षों से अपनी 10वीं या 12वीं की परीक्षा पास नहीं कर सके, अब एक बार फिर से परीक्षा देकर अपनी शिक्षा पूरी कर सकते हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 मई 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री Harjot Singh Bains ने बताया कि यह पहल श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को नया अवसर देना है, जो किसी कारणवश अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए और अब अपने करियर को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
पात्रता के बारे में बताते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अवसर उन छात्रों के लिए है, जिन्होंने मार्च 2010 से मार्च 2025 के बीच 10वीं या 12वीं की परीक्षा दी थी लेकिन पास नहीं हो सके। इसके अलावा वे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिनके री-अपीयर या कंपार्टमेंट के सभी मौके समाप्त हो चुके हैं या जो अपने परिणाम में सुधार करना चाहते हैं। मार्च 2010 से मार्च 2026 के बीच परीक्षा देने वाले और असफल रहे छात्र भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, बशर्ते उन्होंने कम से कम एक मुख्य विषय पास किया हो।
यह विशेष मौका ओपन स्कूल स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए भी उपलब्ध रहेगा। बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
सरकार का मानना है कि यह “स्पेशल मर्सी चांस” न सिर्फ अधूरी शिक्षा को पूरा करने का अवसर देगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए रास्ते भी खोलेगा। यह कदम राज्य में शिक्षा को प्रोत्साहित करने और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0