सीएम संजीव अरोड़ा ने अधिकारियों को दी डेडलाइन, जलभराव और बीमारियों से बचाव पर जोर
सीएम संजीव अरोड़ा ने अधिकारियों को दी डेडलाइन, जलभराव और बीमारियों से बचाव पर जोर
ख़बर ख़ास | पंजाब
मॉनसून सीजन से पहले पंजाब सरकार ने शहरी क्षेत्रों में संभावित जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या को रोकने के लिए कमर कस ली है। उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय से संबंधित सीएम संजीव अरोड़ा ने सभी नगर निगम कमिश्नरों और अतिरिक्त उपायुक्तों (जी एंड यूडी) को अपने-अपने क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम की समयबद्ध और योजनाबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सीएम ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते सीवर से गाद (कीचड़) नहीं निकाली गई, तो मॉनसून के दौरान शहरी इलाकों में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और यातायात बाधित होने जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ सकती हैं। इससे आम लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इन हालात से बचने के लिए अधिकारियों को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा।
संजीव अरोड़ा ने जानकारी दी कि सीवर सफाई और गाद निकालने के लिए पहले ही ठेके दिए जा चुके हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तुरंत कार्य शुरू करें और मॉनसून से पहले तय समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करें। खास तौर पर निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि समय पर सीवर की सफाई से बारिश के पानी का निर्बाध प्रवाह बना रहता है, जिससे जलभराव का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। इसके साथ ही सीवर ओवरफ्लो की घटनाओं में कमी आती है और शहरों में स्वच्छता बनी रहती है। यह डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी जलजनित बीमारियों के प्रसार को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सीएम ने यह भी कहा कि नियमित सफाई से सीवरेज सिस्टम की कार्यक्षमता लंबे समय तक बनी रहती है और सड़कों व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सकता है। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहती है और लोगों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों में कमी आती है।
अंत में, उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यों की सख्त निगरानी सुनिश्चित करने और प्रगति रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही आगामी मॉनसून में जनता को राहत मिल सकेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0