पंचमुखी हनुमान मंदिर जाते समय मनकपुर इंडस्ट्रियल एरिया के पास यूनिवर्सिटी बस ने बाइक को मारी टक्कर; स्थानीय लोगों ने बस पर तेज रफ्तार से चलने का लगाया आरोप।
पंचमुखी हनुमान मंदिर जाते समय मनकपुर इंडस्ट्रियल एरिया के पास यूनिवर्सिटी बस ने बाइक को मारी टक्कर; स्थानीय लोगों ने बस पर तेज रफ्तार से चलने का लगाया आरोप।
खबर खास | यमुनानगर
हरियाणा के यमुनानगर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहिता दुल्हन और उसकी ननद की मौत हो गई, जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जगाधरी की गंगानगर कॉलोनी में हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गंगानगर कॉलोनी निवासी शिवकुमार की शादी 29 अप्रैल को 25 वर्षीय खुशबू के साथ हुई थी। मंगलवार सुबह खुशबू, शिवकुमार और उसकी बहन पूजा मोटरसाइकिल पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के दर्शन के लिए घर से निकले थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि खुशबू ने मंदिर जाने का कार्यक्रम अगले मंगलवार तक टालने की बात कही थी, लेकिन शिवकुमार और पूजा ने उसी दिन जाने का फैसला किया।
पूजा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के इटोरा गांव की रहने वाली थी और शादी के बाद अपने भाई के पास रह रही थी। जब तीनों मनकपुर इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुंचे, तभी महार्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी की एक बस ने कथित तौर पर उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबू और पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई बार फोन करने के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहन की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
बस चालक ने दावा किया कि हादसे के समय बस का संतुलन बिगड़ गया था। उसने यह भी बताया कि बस में करीब 15 बच्चे सवार थे। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह बस अक्सर तेज रफ्तार में चलाई जाती है और पहले भी स्कूल प्रबंधन से लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0