सुखा काहलों के राइट-हैंड गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावर फरार
सुखा काहलों के राइट-हैंड गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावर फरार
खबर खास | कपूरथला
कपूरथला में शुक्रवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब गैंगस्टर सुखा काहलों के करीबी एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उसकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है, जो जयरामपुर गांव का रहने वाला था। वह अपनी कार की ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था, तभी हमलावर वहां पहुंचे और उस पर कई गोलियां चलाईं। गोली लगने से वह सीट पर ही ढेर हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कार के आगे के शीशे पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि गोपी, सुखा काहलों का खास सहयोगी था और उसके मर्डर केस का आखिरी गवाह भी था। अन्य गवाह पहले ही मुकर चुके थे, लेकिन गोपी अपने बयान पर कायम था, जिससे उसकी हत्या को गैंगवार के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है।
यह घटना जीटी रोड स्थित ढिलवां इलाके में एवन पैलेस के पास हुई। सूचना मिलते ही ढिलवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। करीब सुबह 3:45 बजे शव को सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में रखवाया गया।
इस बीच, डॉनी बाल नाम के एक गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में उसने आरोप लगाया कि मृतक उसके साथियों को धमकाता था और अन्य लोगों को भी चेतावनी दी।
गौरतलब है कि सुखा काहलों की खुद 21 जनवरी 2015 को विक्की गौंडर और उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब उसे जालंधर कोर्ट से नाभा जेल ले जाया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0