नई एसआईटी के गठन के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार, पुराने साक्ष्यों और घटनाक्रम की दोबारा हो रही पड़ताल
नई एसआईटी के गठन के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार, पुराने साक्ष्यों और घटनाक्रम की दोबारा हो रही पड़ताल
खबर खास । फरीदकोट
लगभग एक दशक पुराने बरगाड़ी बेअदबी और बहबल कलां पुलिस गोलीकांड मामलों की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। पंजाब सरकार द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का पुनर्गठन किए जाने के बाद अब डीआईजी बठिंडा हरजीत सिंह के नेतृत्व में जांच को नई गति मिली है। इसी कड़ी में वीरवार को एसआईटी ने दोनों संवेदनशील मामलों से जुड़े प्रमुख घटनास्थलों का दौरा कर पुराने साक्ष्यों और घटनाक्रम की दोबारा समीक्षा की।
एसआईटी सबसे पहले गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंची, जहां से 1 जून 2015 को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के चोरी होने की घटना सामने आई थी। इसके बाद टीम ने बरगाड़ी बेअदबी स्थल और बहबल कलां गोलीकांड स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपलब्ध साक्ष्यों, पुराने रिकॉर्ड और घटनाओं के क्रम का पुनर्मूल्यांकन किया ताकि जांच को अगले चरण तक पहुंचाया जा सके।
जांच टीम बाजाखाना थाना भी जाएगी, जहां इन मामलों से संबंधित एफआईआर दर्ज की गई थीं। यहां दर्ज रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी दोबारा जांच की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के बयान के बाद जांच में तेजी आई है। एसआईटी अब तक पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पूर्व ओएसडी गगनदीप सिंह बराड़ और तत्कालीन फरीदकोट डिप्टी कमिश्नर मलविंदर सिंह जग्गी से पूछताछ कर चुकी है।
जांच से जुड़े सूत्रों का मानना है कि बहबल कलां गोलीकांड मामले में अंतिम चार्जशीट जल्द दाखिल की जा सकती है। यह भी चर्चा है कि इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की कथित भूमिका को लेकर एसआईटी जल्द कोई निर्णय ले सकती है। हालांकि, एसआईटी और पंजाब सरकार की ओर से इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उल्लेखनीय है कि सुखबीर सिंह बादल को पहले ही संबंधित कोटकपूरा गोलीकांड मामले में आरोपी बनाया जा चुका है।
बरगाड़ी बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड के मामले वर्षों से पंजाब की राजनीति और न्यायिक प्रक्रिया के केंद्र में रहे हैं। ऐसे में एसआईटी का यह ताजा घटनास्थल निरीक्षण जांच के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0